ठाकुर बांकेबिहारी ने चांदी के रथ पर विराजमान होकर भक्तों को दिए दर्शन

  • Saturday July 02 2022 - 02:23 PM
  •  

वृन्दावन । रथ यात्रा महोत्सव पर ठाकुर श्री बांकेबिहारी महाराज ने भव्य फूल बंगले के बीच 160 किलो चांदी से बने रथ पर विराजित होकर भक्तों को दर्शन दिए। वर्ष में एक बार होने वाले श्री बांकेबिहारी के विशेष दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। 

मंदिर में आ रही देशी फूलों की सुगंध और रंग बिरंगी रोशनी ने मंदिर की आभा देखते ही बन रही थी। देशभर से आए श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन के साथ-साथ मंदिर के फूलबंगला के सौंदर्य को देख झूम उठे और जयकारे लगाने लगे। 

मंदिर के सेवायत ब्रजेंद्र किशोर गोस्वामी और ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने बताया कि रथ यात्रा के पावन मौके पर ठाकुर बांकेबिहारी लाल को मंदिर के जगमोहन में इस रथ में विराजमान कराया जाता है। चांदी और सोने से निर्मित रथ में चार घोड़े और एक बग्गी है। बग्गी पर सवार होकर ही ठाकुर बांकेबिहारी महाराज भक्तों को दर्शन देते हैं।यह भव्य रथ उनके चंद्र आनंद निकुंज बिहारी चौरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा हर वर्ष रथयात्रा महोत्सव के दिन मंदिर में ठाकुरजी के दर्शनों के लिए सजाया जाता है। दर्शन देने से पूर्व कई श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रथ की पूजा अर्चना भी की।