संवरेगा वृंदावन का परिक्रमा मार्ग, पहले चरण में खर्च होंगे 20 करोड़

  • Thursday November 19 2026 - 01:01 AM
  •  

  • रमणरेती से निधिवन तक मार्ग का होगा पुनर्विकास
  • ई-रिक्शा और पैदल श्रद्धालुओं के लिए होंगी अलग-अलग लेन
  • भवनों को मिलेगा एकरूप , आकर्षक रोशनी से जगमगाएगा मार्ग

वृंदावन। वृंदावन की पंचकोसी परिक्रमा आकर्षक एवं व्यवस्थित की जाएगी। परिक्रमार्थियों की बढ़ती भीड़ और उन्हें होने वाली परेशानी को देखते हुए इसे बड़े स्तर पर पुनर्विकास किया जाएगा। नए परिक्रमा मार्ग में बड़े वाहनों के संचालन पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इस परियोजना के प्रथम चरण का कार्य लगभग 20 करोड़ रुपये से होगा। एमवीडीए ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम, पर्यटन विभाग एवं स्थानीय लोगों से चर्चा करने के बाद परियोजना की डीपीआर शासन को भेजी है।  

मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण परिक्रमा में बड़े वाहनों के बीच लाखों श्रद्धालुओं द्वारा जान जोखिम में डालकर परिक्रमा एवं डंडवती परिक्रमा में होने परिकमार्थियों की परेशानी को देखते हुए योजना पुनर्विकास योजना तैयार की है। इसमें 12 से 15 मीटर चौड़े परिक्रमा मार्ग में बड़े वाहनों का संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। नो व्हीकल जोन घोषित होने वाली परिक्रमा में दोनों के लिए अलग-अलग लेन विकसित की जाएंगी। पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित वॉक-वे और फुटपाथ तैयार होंगे, वहीं ई-रिक्शा तथा अन्य वाहनों की आवाजाही निर्धारित लेन से होगी। परिक्रमार्थियों के लिए सुरक्षित 5 से 6 मीटर चौड़ी परिक्रमा तैयार की जाएगी। इसके दोनो ओर फुटपाथ बनाया जाएगा। लगभग साढे तीन मीटर चौड़ी लेन हल्के वाहन ई रिक्शा और गोल्फ कार्ट के लिए बनाई जाएगी। परिक्रमाथ्रियों की बेंच रखने के साथ ही पार्किंग, शौचालय, जल निकासी, भूमिगत यूटिलिटी सेवाओं और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। वृंदावन की पहचान के अनुरूप परिक्रमा मार्ग पर सड़क और फुटपाथ के विकास के साथ आसपास के भवनों को भी नया स्वरूप देने की योजना है। प्रथम चरण में रमणरेती पुलिस चौकी से निधिवन तक करीब 3.30 किलोमीटर लंबे हिस्से को विकसित किया जाएगा। 

परिक्रमार्थियों की बढ़ती संख्या और सुविधा के लिए होगा पुनर्विकास 

एमवीडीए के एक्सईएन प्रशांत गौतम ने बताया कि पंचकोसी परिक्रमा मार्ग में सामान्य दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल परिक्रमा करते हैं। कार्तिक मास, अधिक मास एवंपर्वों और विशेष अवसरों पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। दूसरी ओर, स्थानीय आवागमन के साथ ई-रिक्शा की लगातार आवाजाही के कारण कई स्थानों पर पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच टकराव की स्थिति बनती है। इससे जाम के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी परेशानी होती है। अधिक मास में कई सड़क हादसे भी हो चुके हैं। इसे देखते हुए पुनर्विकास योजना में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यातायात व्यवस्था को लेकर किया जा रहा है।  इसके लिए रंगों और सजावटी शैली में एकरूपता लाई जाएगी, भवनों पर आकर्षक फसाड लाइटिंग की जाएगी। 

भूमिगत होंगी बिजली और संचार की लाइनें

मार्ग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए आरसीसी ड्रेन, ड्रेन कवर और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। सड़क किनारे फैली बिजली, संचार और अन्य उपयोगिता सेवाओं की लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इससे मार्ग का स्वरूप साफ-सुथरा होगा और बार-बार सड़क की खुदाई से पैदा होने वाली अव्यवस्था भी कम होगी। श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधा जोन भी विकसित किए जाएंगे। 

 वृंदावन परिक्रमा मार्ग के विकास में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ क्षेत्र के समग्र सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा है। योजना से जुड़े कई विभागों एवं स्थानीय लोगों से विचार विमर्श के बाद डीपीआर शासन को भेज दी है। शासन की स्वीकृति मिलने पर कार्य शुरु किया जाएगा।  

- लक्ष्मी एन, उपाध्यक्ष एमवीडीए