वृंदावन में आज से गूंजेगी बाबा श्याम की महिमा: तीन दिवसीय पंचम वार्षिक महोत्सव और जन्मोत्सव का भव्य आगाज
- बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर वृंदावन में सजेगा दरबार
- भव्य निशान यात्रा और 4 वर्षीय बालिका का मां काली रूप रहेगा मुख्य आकर्षण
वृंदावन। श्रीखाटू श्याम मंदिर में 19, 20 एवं 21 नवंबर को तीन दिवसीय बाबा श्याम का पंचम वार्षिक महोत्सव एवं जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजक मंडल द्वारा रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
मंदिर सेवायत राजेश पारीक ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 19 नवंबर को सायं 5:30 बजे भव्य निशान यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में सैकड़ों श्याम प्रेमी अपने हाथों में श्याम नाम की 111 ध्वजाएं लेकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे और पुनः मंदिर प्रांगण पहुंचकर बाबा के चरणों में निशान अर्पित करेंगे। इस बार की निशान यात्रा में एक विशेष आकर्षण देखने को मिलेगा, जहां वृंदावन के इतिहास में पहली बार एक 4 वर्षीय बालिका मां काली का स्वरूप धारण कर शोभायात्रा के साथ चलेगी।
महोत्सव के दूसरे दिन, 20 नवंबर कार्तिक शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें फरीदाबाद, दिल्ली और गाजियाबाद से आ रहे ख्यातिप्राप्त भजन प्रवाहक अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्याम प्रेमियों को भाव-विभोर करेंगे।
तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन 21 नवंबर को होगा, जिस दिन मंदिर परिसर में विशाल अन्नकूट महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। आयोजक मंडल ने सभी धर्मप्रेमियों एवं श्याम भक्तों से इस पावन महोत्सव में सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस दौरान राहुल बृजवासी, सहर्ष पारीक, आकाश सैनी, दिव्यांशु गोयल, अनुज कौशिक, तमेश वैष्णव, कृष्णा शर्मा, पीयूष अग्रवाल, मनीष सैनी, चेतन वर्मा, मुकुट सैनी, जीतू सैनी आदि मौजूद रहे।



