वृंदावन के सर्राफा बाजार में आयकर विभाग ने दी दस्तक : आरएस ज्वैलर्स के यहां की छानबीन, कारोबारियों में खलबली

  • Monday November 16 2026 - 11:22 AM
  •  

  • शनिवार दोपहर सर्राफा बाजार स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंची आयकर विभाग की टीम, बिल और वित्तीय रिकॉर्ड कब्जे में लिए
  • संचालक शरद सर्राफ को प्रतिष्ठान में रोककर की जा रही है पूछताछ, दीपावली के बाद से लगातार जारी हैं छापेमारी

वृंदावन। आयकर विभाग की कार्रवाई की आंच अब वृंदावन के सर्राफा कारोबार तक भी पहुंच गई है। शनिवार दोपहर विभाग की एक टीम ने सर्राफा बाजार स्थित प्रतिष्ठित आरएस ज्वैलर्स (RS Jewellers) पर अचानक  जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस बड़ी कार्रवाई से स्थानीय सर्राफा कारोबारियों और व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान पर पहुंचते ही सुरक्षा घेरा बना लिया और संचालक शरद सर्राफ को प्रतिष्ठान के भीतर ही रोक लिया। इसके बाद अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े तमाम बिल, लेन-देन के बही-खाते और अन्य वित्तीय दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। टीम द्वारा प्रतिष्ठान के रिकॉर्ड का मिलान करने के साथ ही संचालकों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

जांच की खबर फैलते ही जुटी भीड़

अचानक हुई इस छापेमारी की भनक लगते ही प्रतिष्ठान के बाहर आसपास के लोगों और दुकानदारों की भारी भीड़ जमा हो गई। सर्राफा बाजार में आयकर विभाग के पहुंचने की खबर आग की तरह फैल गई, जिससे व्यापारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, विभाग के अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर कार्रवाई की मुख्य वजह, जांच के दायरे या बरामद दस्तावेजों को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है।

लगातार हो रही पहुंचकर से व्यापारिक जगत में हलचल

गौरतलब है कि दीपावली के त्योहार के बाद से ही मथुरा और वृंदावन के बड़े कारोबारी प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की लगातार कड़ी नजर बनी हुई है और समय-समय पर औचक निरीक्षण व छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। अब आरएस ज्वैलर्स पर हुई इस बड़ी कार्रवाई ने वृंदावन के सर्राफा बाजार की चिंताओं को और अधिक बढ़ा दिया है।