वृंदावन में संत सम्मेलन: पूरी तरह मुक्त होगी श्रीकृष्ण जन्मभूमि, चलेगा घर-घर अभियान: साध्वी प्राची

  • Thursday November 19 2026 - 01:24 AM
  •  

  • विश्व हिंदू महासंघ का शंखनाद: ब्रज चौरासी कोस यात्रा के समापन पर संतों ने लिया जन्मभूमि मुक्ति का संकल्प

वृंदावन। मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पूरी तरह से मुक्त होकर रहेगी और इसके लिए विश्व हिंदू महासंघ जल्द ही घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाएगा। यह बात फायरब्रांड नेत्री साध्वी प्राची ने वृंदावन स्थित श्रीहरिदास प्रेक्षागृह में आयोजित संत सम्मेलन के दौरान कही। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा 'श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन' को समर्पित इस सम्मेलन में देशभर से जुटे संतों और कार्यकर्ताओं ने जन्मभूमि की मुक्ति का संकल्प लिया।

भगवान श्रीराम की तरह श्रीकृष्ण के कार्य में जुटने का समय

हिंदुओं का आह्वान करते हुए साध्वी प्राची ने कहा कि अब हिंदू समाज जाग चुका है। भगवान श्रीकृष्ण हमारी आध्यात्मिक संस्कृति के प्रतीक हैं और अब भगवान श्रीराम की तरह ही श्रीकृष्ण के कार्य में जुटने का समय आ गया है।

वैश्विक स्तर पर हिंदू जनमत के विस्तार का लक्ष्य

सम्मेलन को संबोधित करते हुए महासंघ की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अस्मिता भंडारी ने कहा कि संगठन अपनी शाखाओं को न केवल देश में, बल्कि विश्वभर में विस्तारित करने पर केंद्रित है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह समय दूर नहीं जब वैश्विक राजनीति से लेकर भूगोल तक हिंदू जनमत का बोलबाला होगा।

स्वामी श्रीहरिदास प्रेक्षागृह में पुस्तक का विमोचन करते संतजन। 

ब्रज के तीर्थों की मिट्टी लेकर ली शपथ, 'पराक्रम' पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम में ब्रज चौरासी कोस यात्रा के समापन के बाद देशभर से आए संत-महंतों और हिंदूवादी नेताओं ने ब्रज के विभिन्न धर्म स्थलों से लाई गई पवित्र मिट्टी हाथ में लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने की शपथ ली। इस दौरान हिंदुओं की गौरवपूर्ण शौर्य गाथा पर आधारित पुस्तक 'पराक्रम' का विमोचन भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पुस्तक समाज को अपने अतीत के संघर्षों और उपलब्धियों का भान कराएगी।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति, धर्माचार्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिओम पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष गौरव शर्मा, शरद परमार, राजेंद्र शर्मा और मनोज प्रजापति सहित बड़ी संख्या में संत और पदाधिकारी उपस्थित रहे।