बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का सम्मान करते तीर्थ पुरोहित।
वोट बैंक की राजनीति से सवर्ण समाज हाशिए पर : अलंकार अग्निहोत्री
वृंदावन। बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के कारण सवर्ण समाज हाशिए पर पहुंच चुका है। उन्होंने सवर्ण समाज के हितों की रक्षा के लिए अलग राजनीतिक पार्टी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह विचार उन्होंने राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ के संस्थापक चंद्रलाल शर्मा की अध्यक्षता में गोधुलिपुरम स्थित श्रीहरिदास धाम में आयोजित बैठक में व्यक्त किए। बैठक में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और एससी-एसटी कानून के विरोध को लेकर चर्चा की गई। अलंकार अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि सरकार मंदिरों के खजाने पर नियंत्रण चाहती है। उन्होंने कहा कि श्री बांकेबिहारी मंदिर सेवायतों और ब्रजवासियों की आस्था का केंद्र है तथा इसकी व्यवस्था सेवायतों के अनुसार ही संचालित होनी चाहिए।
सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी और ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष महेश भारद्वाज ने कहा कि यूजीसी और एससी-एसटी कानून समाज के लिए नुकसानदायक हैं। वहीं डॉ. मनोज मोहन शास्त्री और स्वामी अतुल कृष्ण दास ने कहा कि वे यूजीसी कानून का विरोध करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। श्रीबांकेबिहारी गोस्वामी परिवार की नीलम गोस्वामी ने आशंका जताई कि यूजीसी कानून लागू होने पर सवर्ण विद्यार्थी विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने से हिचक सकते हैं तथा अभिभावकों में बालिकाओं की शिक्षा को लेकर डर का माहौल बन सकता है। पंडा सभा के अध्यक्ष श्यामसुंदर गौतम और गरीब एकता दल के अध्यक्ष विवेक महाजन ने भी कहा कि सवर्ण समाज पहले से एससी-एसटी कानून को लेकर भयभीत है और यूजीसी कानून बच्चों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने सवर्ण समाज के लिए नई राजनीतिक पार्टी के गठन का समर्थन किया।
इस अवसर पर सुरेश चंद्र शर्मा, रामनारायण बृजवासी, गोविंद नारायण शर्मा, प्रमोद गौतम, उद्धव शर्मा, श्याम सरदार, अनमोल दीक्षित,राघव भारद्वाज,राममूर्ति तिवारी,नरेंद्र पाठक, नीरज गौड़, तपेश पाठक,लाला व्यास,सुरेश, अजय बिहारी शर्मा, ममता गोस्वामी, राजेश पाठक आदि उपस्थित रहे ।



