किन्नर महामंडलेश्वर हिमांगी सखी को वृंदावन पुलिस ने किया नजरबंद
श्रीकृष्ण जन्मभूमि - शाही ईदगाह मस्जिद के एएसआई सर्वे पर रोक लगाए जाने नाराज
वृंदावन। श्रीकृष्ण जन्मस्थान शाही ईदगाह मामले के मामले में सर्वे पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुस्लिम पक्ष की अर्जी पर लगाई रोक के बाद किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी वृंदावन आईं। यहां वह मथुरा की शाही ईदगाह पर जाकर विरोध जताने का ऐलान किया था। इससे पुलिस मेहकमा में हड़कंप मच गया और उन्हें पुलिस ने शनिवार को वहां जाने से रोक दिया और आश्रम में ही नजरबंद कर दिया।
किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी शनिवार को मुंबई से वृंदावन पहुंचीं। यहां वह परिक्रमा मार्ग स्थित गोपालखार क्षेत्र स्थित आनंद धाम में ठहरी हुईं हैं। यहां से वह शाही ईदगाह पर जाकर विरोध जताना और श्री कृष्ण जन्मस्थान के दर्शन करना चाहती थी। इसका ऐलान एक दिन पहले ही उन्होंने किया था।
इस अवसर पर पुलिस हरकत में आ गई। वृंदावन कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही पुलिस बल के साथ आनंद धाम आश्रम पर पहुंच गए। यहां उन्होंने हिमांगी सखी को नजरबंद करते हुए पुलिस का पहरा लगा दिया। आश्रम पर नजरबंद करने पहुंची पुलिस ने महामंडलेश्वर हिमांगी सखी को शाही ईदगाह जाने से रोकते हुए कहा कि मथुरा जिला में धारा 144 लागू है। इसलिए किसी भी तरह का विरोध, प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। इसके बाद महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने पुलिस से अनुरोध किया कि उनको श्री कृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी के दर्शन कराए जाएं।
महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने पुलिस के द्वारा रोके जाने से दुख व्यक्त किया और आश्रम पर ही तांडव नृत्य शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान राम भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं उसी तरह भगवान श्री कृष्ण भी जल्द भव्य मंदिर में विराजमान हों।
उन्होंने कहा कि शाही ईदगाह का सर्वे होने से सही तथ्य सामने आयेंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि जब उनको लगता है वहां मंदिर जैसा कुछ नहीं है तो फिर वह सर्वे रोकने के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र क्यों लगाते हैं। उन्होंने कहा कि वह तो केवल अपने आराध्य कृष्ण की आराधना करना चाहती थीं। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराया है कि वह अयोध्या में राम लला के मंदिर की चौखट पर जब तक नहीं जाएंगी तब तक मथ्ुारा में श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता।
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि वह ईदगाह और श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए जा रही थी। उन्हें रोका गया है। क्यों कि जिले में धारा 144 लागू है। उनके आश्रम में पुलिस बल तैनात किया गया है।



