वृंदावन: ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में मना शरद उत्सव, श्वेत पोशाक में विराजे ठाकुरजी; लगा चंद्रकला का भोग

  • Wednesday June 03 2026 - 02:26 AM
  •  

वृंदावन। कान्हा की नगरी वृंदावन के ऐतिहासिक व प्रसिद्ध ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के पावन अवसर पर 'शरद उत्सव' बेहद धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर में अलौकिक आध्यात्मिक छटा देखने को मिली। आराध्य के दर्शन और उत्सव का आनंद लेने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा।

श्वेत पोशाक और दिव्य श्रृंगार में सजे आराध्य

उत्सव के विशेष अवसर पर मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुर राधावल्लभ लाल को अत्यंत मनोहारी श्वेत रंग की जड़ित पोशाक धारण कराई। इसके साथ ही प्रभु का दिव्य और भव्य श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी के इस अलौकिक और मनमोहक रूप को निहारकर भक्त भाव-विभोर हो उठे और पूरा मंदिर परिसर उनके जयकारों से गुंजायमान हो गया।

केसर के रंग और फूलों से खेली गई होली

मंदिर के सेवायत मोहित मराल गोस्वामी ने बताया कि: "अधिक मास के पावन अवसर पर वर्ष भर में आने वाले सभी प्रमुख त्योहारों को प्रतीकात्मक रूप से मनाकर ठाकुरजी से लाड लड़ाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में मंगलवार को शरद उत्सव का आयोजन किया गया।" उन्होंने बताया कि शरद उत्सव की शुरुआत सुबह बेहद अनूठे अंदाज में हुई। ठाकुरजी ने अपनी कमर में गुलाल का फेंटा बांधकर भक्तों के साथ केसर के रंग और सुगंधित पुष्पों से जमकर होली खेली। सुबह के इस अद्भुत दृश्य ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लगा चंद्रकला और मेवा युक्त दूध का विशेष भोग

होली के आनंद के बाद ठाकुरजी को पुष्पों से विशेष रूप से सजाए गए भव्य बंगले में विराजमान किया गया। शरद उत्सव की परंपरा के अनुसार, ठाकुरजी को पूर्णतः श्वेत रंग के खास पकवानों का भोग अर्पित किया गया। इसमें विशेष रूप से तैयार किया गया मेवाओं का गाढ़ा दूध और चंद्रकला का महाभोग शामिल रहा।