विषैले कोबरा से लेकर विशालकाय अजगर तक 120 से अधिक सरीसृपों को बचाया

  • Thursday January 22 2026 - 11:39 PM
  •  

आगरा। बढ़ते शहरीकरण के कारण साँपों के प्राकृतिक आवास में लगातार गिरावट आ रही है, जिसके चलते इंसानों और साँपों के बीच आमने-सामने की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं। इसी कड़ी में वाइल्डलाइफ एसओएस ने अकेले सितंबर 2025 माह में आगरा और उसके आसपास के इलाकों से 120 से अधिक सरीसृपों का सफल रेस्क्यू किया है। यह इस वर्ष का अब तक का सबसे बड़ा सरीसृप बचाव अभियान माना जा रहा है।

कई प्रजातियों के सरीसृपों का किया गया सुरक्षित रेस्क्यू

वाइल्डलाइफ एसओएस द्वारा बचाए गए सरीसृपों में

25 भारतीय रैट स्नेक, 24 कॉमन वुल्फ स्नेक, 21 स्पेक्टेक्ल्ड कोबरा, 18 भारतीय रॉक पाइथन, 12 कॉमन क्रेट, 12 बंगाल मॉनिटर लिज़र्ड सहित कई अन्य प्रजातियाँ शामिल हैं। ये सभी सरीसृप आगरा और आसपास के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़े गए।

शहरीकरण, जलवायु परिवर्तन बन रहे बड़ा खतरा

मनुष्यों और साँपों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाइल्डलाइफ एसओएस आगरा और आसपास के क्षेत्रों में अपनी वन्यजीव आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से लगातार बचाव अभियान चला रहा है। वनों की कटाई, तेज़ी से बढ़ता शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन के कारण साँप और अन्य सरीसृप अपने प्राकृतिक आवास छोड़कर घर, बगीचे, स्कूल और खेतों जैसे मानव-अधिवास क्षेत्रों में प्रवेश करने को मजबूर हो रहे हैं।

वन्यजीव विस्थापन का गंभीर संकेत: कार्तिक सत्यनारायण

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “सिर्फ़ एक महीने में आगरा के शहरी और ग्रामीण इलाकों से 120 से ज़्यादा सरीसृपों का रेस्क्यू इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जंगलों का लगातार कम होना और जलवायु परिवर्तन किस तरह वन्यजीवों को विस्थापित कर रहा है। यह ज़रूरी है कि हम इन सरीसृपों के पारिस्थितिक महत्व को समझें और उनके साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के प्रति जागरूकता फैलाएँ।”

गलतफहमियाँ और डर बनते हैं साँपों के लिए खतरा

वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स और साँप विशेषज्ञ, बैजूराज एम.वी. ने कहा, “साँप आगरा के आसपास के प्राकृतिक पर्यावरण का अभिन्न अंग हैं। वे इसी धरती के निवासी हैं। दुर्भाग्यवश, गलतफहमियाँ और भय उन्हें खतरे में डाल देते हैं। हमारी रैपिड रिस्पांस यूनिट यह सुनिश्चित करती है कि ऐसी परिस्थितियों में सरीसृप और लोग दोनों सुरक्षित रहें।”

हर रेस्क्यू का उद्देश्य करुणा और जागरूकता

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव, गीता शेषमणि ने कहा, “सार्वजनिक स्थानों पर साँप दिखाई देने पर हमारे बचावकर्मी अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। हमारे पास आने वाली हर कॉल का उद्देश्य सिर्फ़ एक जीवन बचाना नहीं, बल्कि लोगों में सरीसृपों के प्रति करुणा बढ़ाना भी है।”

रैपिड रिस्पांस यूनिट की अहम भूमिका

वाइल्डलाइफ एसओएस की रैपिड रिस्पांस यूनिट ऐसी स्थितियों में तुरंत कार्रवाई करते हुए सरीसृपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उपयुक्त जंगल क्षेत्रों में वापस छोड़ने का कार्य करती है। संस्था ने नागरिकों से अपील की है कि साँप या किसी भी जंगली जानवर को देखकर उन्हें नुकसान न पहुँचाएँ, बल्कि तुरंत इसकी सूचना आगरा आपातकालीन बचाव हेल्पलाइन: +91 9917109666 पर दें।