राहुल गांधी का बड़ा एलानः केंद्र में आते ही हटा देंगे GST

  • Monday April 24 2023 - 07:25 PM
  •  

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सभी राजनीतिक पार्टियां जोरशोर से जुटी हुई हैं। राज्य में बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा है। इस बीच सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कर्नाटक पहुंचे। राहुल ने बेलगावी के रामदुर्ग में गन्ना किसानों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनकी सरकार केंद्र में आती है तो वह जीएसटी हटा देंगे।

बेलगावी पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गन्ना किसानों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार आज सिर्फ दो-तीन व्यापारियों पर फोकस कर रही है। लेकिन ध्यान की अधिक जरूरत किसानों, मजदूरों और वेंडर्स को है। बड़े कारोबारियों को आसानी से लोन मिल जाता है, अदाणी जी, अंबानी जी के पास लाखों-करोड़ों का लोन है। वह जैसे बैंक में जाते हैं, वैसे ही उन्हें पैसा मिल जाता है। अगर उन्हें कोई मुश्किल हो जाए और वह चुका न पाएं तो आसानी से माफ भी हो जाता है।

वहीं हमारे किसानों, मजदूरों को पहले तो लोन नहीं मिलता, अगर लोन मिल जाए तो माफ भी नहीं हो पाता। लेकिन कांग्रेस ने किसानों का 72 हजार रुपए लोन माफ किया था। आमतौर पर किसानों का कर्जा माफ नहीं किया जाता। मैं कहता हूं कि न्याय होना चाहिए। अगर अरबपतियों का कर्जा माफ करते हैं तो किसानों का कर्जा भी माफ किया जाना चाहिए या फिर किसी का भी लोन माफ नहीं होना चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ अमीर लोगों की मदद करने के लिए जीएसटी लागू किया गया है। सरकार द्वारा लागू किया गया, यह टैक्स काफी मुश्किल है, जिस वजह से आधे लोगों को तो समझ ही नहीं आता कि इसे कम और कैसे फाइल करना है। इसी वजह से छोटे व्यवसाय बंद हो जाते हैं। केंद्र में जब हमारी सरकार आएगी, वैसे ही हम जीएसटी को खत्म कर देंगे और एक नया टैक्स लाएंगे, जो काफी आसान होगा।