वृन्दावन का एक सुप्रसिद्ध मन्दिर जहां नहीं बजते कभी घंटे, भगवान को नहीं भाता शोर, जानिए क्या है रहस्य

  • Friday June 02 2023 - 04:33 PM
  •  

दुनियाभर के हिन्दू मन्दिरों में घंटा, घड़ियाल, शंखध्वनि, झांझ, मंजीरा आदि बजाए जाते हैं। सनातन धर्म में ठाकुरजी की सेवा में घंटी, घंटा बनाने विशेष महत्व है। खासकर ठाकुरजी की चार प्रहर सुबह, दोपहर और शाम और रात को अपने निर्धारित समय पर होने वाली आरतियों के समय। आरती और पर्वों के दौरान घंटे,घड़ियाल, शंखध्वनि बजाकर भक्तजन अपने आराध्य को प्रसन्न करते हैं। कुछ मन्दिरों में तो बगैर घंटे और झांझ मंजिरों की करतल ध्वनि के बिना भगवान की सेवा ही अधूरी मानी जाती है। लेकिन भारत में भगवान कृष्ण की लीला भूमि में एक ऐसा मन्दिर भी हैं जहां भगवान को शोर पसंद नहीं है। यही कारण है कि इस विश्वविख्यात मन्दिर में चार प्रहर की आारतियों के दौरान तो क्या बड़े-बड़े पर्वों पर भी घंटे, झांझ- मंजिरे नहीं बजाए जाते हैं। ऐसा मन्दिर है सुप्रसिद्ध बांकेबिहारीजी का। जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से दर्शन करने के लिए आते हैं। तो आइए जानते हैं क्या है इस मन्दिर में घंटे बजने और शोर न करने के पीछे का रहस्य। 

देश के सुप्रसिद्ध मन्दिरों में से भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि एवं मन्दिरों की नगरी वृन्दावन में ठाकुर बाँकेबिहारी मन्दिर ऐसा है, जहां आरती के समय तो क्या किसी भी पर्व और उत्सवों पर भी घंटे नहीं बजाए जाते। 150 साल से भी अधिक पुराने इस मन्दिर में देश-विदेश से आने वाले करोडों दर्शनार्थियों ने कभी घंटे की आवाज नहीं सुनी होगी। सुबह, दोपहर, शाम और रात को होने वाली शयन आरती के समय श्री बाँकेबिहारी की आरती भी शांति के साथ बगैर किसी शोरगुल के होती है।

श्री बांकेबिहारी मन्दिर में कभी न घंटे बजने का रहस्य मन्दिर में विराजमान भगवान श्री बाँकेबिहारी की लीला और उनके नाम में छिपा है। बाँकेबिहारी मन्दिर में ठाकुरजी की सेवा करने वाले सेवायत आनन्द वल्लभ गोस्वामी ने बताया कि मन्दिर में घंटे, शंख या किसी तरह का शोर पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके पीछे दो बड़े कारण है। उन्होंने बताया कि पहला कारण ये कि मन्दिर में निकुंज की उपासना है। निकुंज यानि प्रिया राधारानी और प्रियतम श्रीकृष्ण नित्य विहार में रहते है। नित्य विहार से आशय है कि एक सघन वन में लीलाओं में निमग्न रहते हैं। आजकल की सामान्य भाषा में कहा जाए तो एक घने वन लता-पताओं के बीच भगवान राधाकृष्ण लीलाएं करते हैं। ऐसे में किसी तरह का शोर भगवान को पसंद नहीं है। इसलिए मन्दिर में घंटे तो क्या ताली और चुटकी भी बजाने पर प्रतिबंध है। 

मन्दिर के सेवायत गोस्वामी ने मन्दिर में घंटे बजाने या किसी तरह का शोर न होने का दूसरा बड़ा कारण बताया कि मन्दिर में विधि निषेध से परे सेवा है। अर्थात जिससे भी अगाध प्रेम हो वहां संबंधों के बीच नियम, कायदे नहीं आते। इसलिए भी मन्दिर में घंटे नहीं बजाए जाते हैं। इसलिए दुनिया का ये पहला ऐसा सनातन धर्मी मन्दिर है जहां ठाकुरजी की सेवा में घंटे, घंटियां या ठाकुरजी को प्रसन्न करने के लिए ताली और चुटकी भी नही बजाई जाती है। यहां शांत चित्त से ठाकुरजी के दर्शन के दर्शन और सेवा की जाती है।