गोपेश्वर महादेव
महाशिवरात्रि की रात को भगवान गोपेश्वर कभी सखी तो कभी गोपी, सुंदरी एवं मोहिनी रूप में देंगे दर्शन
- रात में चार प्रहर की होंगी महा आरती
- महाशिवरात्रि से एक दिन पहले प्रदोष होने पर 48 घंटे खुला रहेगा मंदिर
- कावड़िया गंगाजल से भगवान शिव का करेंगे अभिषेक
वृंदावन। गोपेश्वर महादेव मंदिर में सेवायत गोस्वामियों द्वारा महाशिवरात्रि को लेकर तैयारी तेज कर दी है। वहीं आराध्य गोपेश्वर महादेव के श्रृंगार एवं पोशाक तैयार की जा रही हैं। महाशिव रात्रि की रात को चार प्रहर की आरती के बाद ठाकुरजी विभिन्न सुंदरी रूप में भक्तों को दर्शन देंगे। पर्व से एक दिन पहले ही प्रदोष होने के कारण गंगाजल के रुद्राभिषेक शुरु हो जाएगा, जोकि 48 घंटे निरंतर चलेगा।
ब्रज के प्राचीन भगवान शिव मंदिरों में एक गोपेश्वर महादेव मंदिर में सेवायत गोस्वामी मंदिर में रुद्राभिषेक, श्रृंगार आरती, छप्पन भोग, खप्पर पूजन का समय निर्धारण कर लिया है। मंदिर की सेवायत डॉक्टर मीनाक्षी गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में महाशिव रात्रि 15 फरवरी को मनाई जाएगी। इससे एक दिन पहले प्रदोष होने के कारण दूर दराज से आने वाले कांवड़िये सुबह से ही भगवान गोपेश्वर महादेव पर गंगाजल से अभिषेक एवं पूजन करेंगे। कांवड़ में लाया गया गंगाजल दूसरे दिन पर्व की रात्रि तक निरंतर चढ़ाया जाएगा।
महाशिवरात्रि पर्व की रात को चार प्रहर की महा आरती की जाएगी। इसमें प्रथम आरती रात के दस बजे होगी। आरती के समय गोपेश्वर महादेव गोपी रूप में सोलह श्रृंगार कर भक्तों को दर्शन देंगे। दूसरी आरती रात 12 बजे होगी, इस दौरान ठाकुरजी मोहिनी रूप में श्रृंगार करेंगे। रात दो बजे सखी रूप में दर्शन के बीच महा आरती की जाएगी। चौथे प्रहर की आरती सुबह चार बजे होगी, इस दौरान ठाकुरजी के सुंदरी रूप में दर्शन होंगे।
इसके बाद 17 फरवरी को खप्पर पूजन विधि विधान से किया जाएगा। इसमें गोपेश्वर महादेव को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। मंदिर की सेवायत डॉक्टर मीनाक्षी गोस्वामी ने बताया कि महाशिवरात्रि की रात को जागरण के साथ ही भजन संध्या की जाएगी। 14 एवं 15 फरवरी को दो दिन लगातार भगवान गोपेश्वर पर जलाभिषेक होगा। पर्व पर मंदिर को पुष्पों एवं इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाया जा रहा है।



