नटवर नागर नंदा भजो रे मन गोविन्दा...
- शास्त्रीय संगीत गायिका आस्था गोश्वामी ने की राग से
- निकुंज महोत्सव की झांकियों में आनंद में झूम रहे हैं मयूर एवं हाथी
वृन्दावन। नटवर नागर नंदा भजो रे मन गोविन्दा.., चोरी करतो डोले श्याम मोते सूधो ना बोले.., कृपा सरोवर कमल मनोहर नंदभवन में डारो हिंडोरो.., आदि भजनो पर शास्त्रीय संगीत गायिका आस्था गोश्वामी ने ठा.राधारमण लाल को रिझाने के लिए सायंकालीन राग सेवा की। सर्वप्रथम उन्होंने मंगलाचरण में कस्तूरी तिलकं ललाट पटले...जय प्राणधन राधारमण.., प्यारी को श्रृंगार करत नंदलाल आदि की भी भव्य प्रस्तुति ठाकुरजी के चरणों में अर्पित की, राग सेवा सुन भक्त आनंदित होकर झूम रहे थे।
सेवा महोत्सव के अंतर्गत प्राचीन शैली में सजने वाले फूलबंगला निकुंज में विराजमान होकर ठा. राधारमण लाल ने दर्शन दिए। झांकी में केले के तनों की बारीक कारीगरी से बने मयूर एवं नृत्य करते हाथी आकर्षण का केंद्र रहे। मानों प्रभु का गुणगान करते हुए नृत्य करते रहे हैं।
सेवा महोत्सव की जानकारी देते हुए आध्यात्मिक गुरू आचार्य श्रीवत्स गोस्वामी ने बताया कि द्वादश आदित्य में एकादश आदित्य कहे जाने वाले तवस्थादित्य द्वारा श्रीराधारमण लाल की एककोटि देवगण रूप में सेवा की। आचार्य वेणुगोपाल गोश्वामी ने अधिक से अधिक संख्या में सेवा महोत्सव का पुण्य लाभ अर्जित करने के लिए विशेष अपील भक्तों से की। इस अवसर पर आचार्य अभिनव गोशवामी, आचार्य सुवर्ण गोस्वामी उपस्थित थे।



