बालासोर ट्रेन हादसे में मृतकों का अंतिम आंकड़ा जारी, 288 लोगों की हुई मौत

  • Tuesday June 06 2023 - 07:56 PM
  •  

बालासोर। दो जून हुए ओडिशा के बालासोर में दर्दनाक ट्रेन हादसे में जान गंवाने वाले लोगों का अंतिम आंकड़ा मंगलवार को जारी किया गया है। पहले जहां 275 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं अब यह संख्या बढ़कर 288 पहुंच गई है। यह जानकारी ओडिशा के मुख्य सचिव ने दी है।

ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने बताया कि बालासोर के कलेक्टर ने जिला अस्पतालों, मुर्दाघरों और विभिन्न जिलों के कलेक्टरों की रिपोर्ट के मिलान के बाद हादसे में मारने वाले लोगों का अंतिम आंकड़े की पुष्टि की है। अब तक 205 से अधिक डेड बॉडी को ट्रांसफर कर दिया गया है।

205 शवों की हुई पहचान 

मुख्य सचिव प्रदीप जेना के मुताबिक अभी तक कुल 288 लोगों की मृत्यु हो गई है। 95 शवों का जिला स्तर पर ट्रांसफर किया गया था। 193 शवों को भुवनेश्वर लाया गया था, जिसमें से 110 शवों की पहचान हो गई है। कुल 288 में से 205 शवों की पहचान हो गई है। 83 शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।