श्रीबांकेबिहारी 20 किलो सोना व एक क्विंटल चांदी से बने स्वर्ण हिंडोले में देंगे दर्शन, जानिए हिंडोले की खासियत

  • Sunday July 27 2025 - 01:35 AM
  •  

  • ठाकुरजी पहली बार 15 अगस्त 1947 में स्वर्ण रजत हिंडोले में दिए थे दर्शन
  • साल में एक ही बार हरियाली तीज के दिन होते हैं स्वर्ण हिंडोले में दर्शन
  • आजादी की वर्षगांठ की याद दिलाता है ठाकुर बांकेबिहारी का स्वर्ण हिंडोला

वृंदावन। वृंदावन के मंदिरों में हरियाली तीज 27 जुलाई को मनाई जा रही है। तीज के दिन ठाकुर बांकेबिहारी बेशकीमती स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। ठाकुरजी को प्रेम की डोर से हिंडोले में झुलाने को देश-दुनिया के भक्त पूरे वर्ष इंतजार करते हैं। आराध्य बांकेबिहारी महाराज इस दिन लाखों भक्तों को जिस स्वर्ण-रजत हिंडोले में दर्शन देंगे, वह अपने निर्माण का 78वां वर्ष मनाएगा। यही नहीं इस सोने चांदी से बने स्वर्ण हिंडोले की बहुत खूबियां है। इसके निर्माण में कितना सोना, चांदी लगा, लकड़ी कहां से आई और ठाकुरजी के इस एतिहासिक हिंडोले को आखिर किसने बनाया? तो आइये जानते हैं इन सभी सवालों के रहस्यमय जवाब।

स्वर्ण हिंडोले की देखरेख कर रहे सेठ हरगुलाल के वंशज राधेश्याम बेरीवाला के सेवक महाराम सिंह ने बताया कि बांकेबिहारी मंदिर में साल में एक बार स्वर्ण हिंडोला में विराजमान होकर ठाकुर बांकेबिहारी महाराज लाखों भक्तों को दर्शन देते हैं। वर्ष में होने वाले ठाकुरजी के विशेष दर्शन का लाभ लेने के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन आते हैं।

महाराम सिंह ने बताया कि हिंडोला तैयार कराने के लिए वाराणसी के जंगल से लकड़ियों का इंतजाम कराया। इसके ऊपर सोने और चांदी की परत से नक्कासी कराई जो अद्भुत है। स्वर्ण-रजत से निर्मित इस दिव्य हिंडोले में पहली बार आराध्य श्री बांकेबिहारी 15 अगस्त 1947 को हरियाली तीज के अवसर पर विराजमान हुए। वहीं दूसरी तरफ देश आजाद हुआ था। देशभर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था।

एक ही दिन होते हैं स्वर्ण हिंडोले में विराजमान आराध्य के दर्शन

ठाकुर बांकेबिहारी साल में एक ही दिन हिंडोले में दर्शन देते हैं। मंदिर के करीब 162 वर्ष के इतिहास में शुरुआती दौर में साधारण हिंडोले में ठाकुरजी भक्तों को दर्शन देते थे। लेकिन, बांकेबिहारी के भक्त सेठ हर गुलाल बेरीवाला ने परिवार के सहयोगियों संग ठाकुरजी का स्वर्ण-रजत हिंडोला तैयार कराया। जब देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो ठाकुर बांकेबिहारी का स्वर्ण-रजत हिंडोला भी अपने 78 वर्ष पूरा कर रहा है।

20 किलो सोना, एक कुंतल चांदी से पांच वर्ष में तैयार हुआ हिंडोला

सेठ हर गुलाल के वंशज राधेश्याम बेरीवाला के सेवक महाराम सिंह ने बताया कि उनके पिता ठाकुरजी के परम भक्त थे और उनके दर्शन किए बिना अन्न का दाना भी स्वीकार नहीं करते थे। हिंडोला बनवाने में 20 किलो सोना व एक कुंतल चांदी का किया गया प्रयोग हिंडोलों के निर्माण में किया गया। उस समय इसके निर्माण में 25 लाख रुपये की लागत आई थी। हिंडोले 1942 से बनना शुरू हुआ और 1947 में तैयार किया गया।

वाराणसी के कारीगरों ने बनाया था हिंडोला

हिंडोला के लिए बनारस के प्रसिद्ध कारीगर लल्लन व बाबूलाल को बुलाया गया था। जिन्होंने टनकपुर (पिथौरागढ़) के जंगलों से शीशम की लकड़ी मंगवाई। इस लकड़ी को कटवाने के बाद पहले दो वर्ष तक सुखाया गया, फिर हिंडोलों के निर्माण का कार्य शुरु किया गया। इसके लिए बीस उत्कृष्ट कारीगरों ने लगभग पांच वर्ष तक कार्य किया। सेठ हर गुलाल ने इसी प्रकार का झूला बरसाना के राधारानी मंदिर के लिए भी बनवाया। इसमें प्रतिवर्ष हरियाली तीज पर बरसाना के राधारानी मंदिर में श्रीराधारानी विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देती हैं।