मथुरा में गाइड नियुक्त हुए तो 25 हजार तीर्थ पुरोहित परिवारों पर होगा रोजी-रोटी संकट

  • Tuesday December 05 2023 - 11:38 PM
  •  

  • ब्रजवासी पंडा सभा ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र 

वृंदावन। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा यदि ब्रज में श्रद्धालुओं के लिए गाइड नियुक्त की मंशा पर तीर्थपुरोहितों को अपने पारंपरिक कार्य को लेकर चिंता सता रही है। जहां पारंपरिक व्यवसाय के अस्तित्व पर संकट बना हुआ है तो वहीं 25 हजार तीर्थ पुरोहित परिवारों के आगे संकट के बादल छाए हैं। इसे लेकर ब्रजवासी पंडा सभा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ब्रज की तीर्थ पुरोहित परंपरा के अस्तित्व को बचाने की मांग की है। 

तीर्थ पुरोहितों ने मुख्ममंत्री को भेजे पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज में गाइड नियुक्त करने की मंशा है, यदि ऐसा हुआ तो ब्रज के 25 हजार से अधिक तीर्थ पुरोहित परिवारों के आगे रोजीरोटी का संकट आ जाएगा। 

पंडा सभा के महा सचिव राघव भारद्वाज बताया कि ब्रजवासी पंडा सभा वृंदावन सैकड़ों वर्षों से तीर्थ पुरोहित समाज का नेतृत्व कर रही है, जिसने सैकड़ों वर्षों से ब्रज की संस्कृति को अक्षुण्य बनाये रखने में सर्वाधिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि तीर्थ पुरोहितों के पास न तो नौकरी है और न ही पारंपरिक व्यवसाय। वृंदावन में आने वाले यात्रियों का यमुना पूजन कराना, मंदिरों के दर्शन कराना एवं यात्रियों की संतुष्टि ही हमारा कर्म रहा है।

पिछले कुछ दशकों से हमारा समाज बाहरी अतिक्रमण व सरकारी उपेक्षा का शिकार हो रहा है, जिस कारण तीर्थ पुरोहित परंपरा का अस्तित्व संकट में आ गया है। प्रदेश सरकार के द्वारा जब तीर्थ पुरोहित, पुजारी व संत आयोग का गठन हुआ तो एक उम्मीद जगी कि समाज का कुछ भला होगा, किंतु अब ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ब्रज में गाइड़ों की नियुक्ति की मंशा है जिससे तीर्थ पुरोहित समाज के आगे रोजी-रोटी का संकट पैदा हो जायेगा।