'जोधपुर झाल' में रुक गए विदेशी मेहमान: 45°C तापमान में भी नहीं लौटे प्रवासी पक्षी, विशेषज्ञों ने जताई चिंता

  • Saturday June 06 2026 - 12:11 AM
  •  

  • अल नीनो के असर से बदलीं हवाएं
  • वायु धाराओं का बदलना पर्यावरणीय असंतुलन का संकेत 
  • साइबेरिया और यूरोप के पक्षियों ने टाली वापसी

मथुरा। अमूमन अप्रैल के महीने तक अपने वतन लौट जाने वाले विदेशी प्रवासी पक्षी इस साल झुलसाती गर्मी के बावजूद ब्रज में ही डेरा डाले हुए हैं। यूरोप, साइबेरिया और मध्य एशिया के शीत प्रदेशों से सर्दियों में आने वाले इन पक्षियों की अनेक प्रजातियां मई का महीना बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी हैं। इन बेजुबान मेहमानों के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा विकसित की गई मथुरा की 'जोधपुर झाल वेटलैंड' इस समय एक सुरक्षित शरणस्थली बनी हुई है।

45 डिग्री तापमान में भी चहक रहे विदेशी पक्षी

सामान्य तौर पर सर्दियों में भारत आने वाले अधिकांश प्रवासी पक्षी अप्रैल के अंत तक उत्तरी क्षेत्रों (अपने मूल देशों) की ओर लौट जाते हैं। लेकिन इस वर्ष मई के अंतिम सप्ताह में लगभग 45 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड तोड़ तापमान के बावजूद कई दुर्लभ प्रजातियां जोधपुर झाल सहित उत्तर भारत के प्रमुख वेटलैंड्स में देखी जा रही हैं। बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी (बीआरडीएस) द्वारा जोधपुर झाल वेटलैंड पर किए जा रहे पक्षी सर्वेक्षण में कई चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं।

अभी भी वेटलैंड में मौजूद प्रमुख प्रजातियां:

  • ब्लैक-टेल्ड गोडविट (Black-tailed Godwit)
  • रफ (Ruff)
  • सिट्रिन वेगटेल (Citrine Wagtail)
  • स्टिंट (Stint)
  • कॉमन रेडशैंक, स्पॉटेड रेडशैंक और ग्रीनशैंक

विशेषज्ञों के अनुसार, इनमें से कई प्रजातियां 10-10 से लेकर 12-12 पक्षियों के छोटे-छोटे समूहों में यहां लगातार देखी जा रही हैं।

क्यों नहीं जा पा रहे पक्षी? 'अल नीनो' और हवा का रुख है जिम्मेदार

बीआरडीएस के पक्षी विशेषज्ञ  डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि प्रवासी पक्षी अपनी हजारों किलोमीटर की लंबी यात्राओं के दौरान प्राकृतिक वायु धाराओं (विंड करंट) का सहारा लेते हैं। अनुकूल हवाएं (टेलविंड) उनकी उड़ान को आसान बनाती हैं, जबकि विपरीत दिशा की हवाएं (हेडविंड) उनके सफर को बेहद कठिन कर देती हैं। अगर वायु धाराओं का यह स्वरूप बदलता है, तो पक्षियों की प्रवास गति और उनका पूरा प्रजनन चक्र प्रभावित होता है।

डॉ. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय की शोधार्थी निधि यादव के अनुसार, इस साल वैश्विक स्तर पर 'अल नीनो' के प्रभाव के कारण वायु प्रवाह के पैटर्न में बड़ा बदलाव आया है। यही वजह है कि पक्षियों को अपनी वापसी यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है और वे जोधपुर झाल, केवलादेव (भरतपुर) तथा सूरसरोवर (आगरा) जैसे महत्वपूर्ण स्टॉपओवर वेटलैंड्स पर उम्मीद से ज्यादा वक्त तक रुके हुए हैं।

प्रशासन अलर्ट: पक्षियों के लिए पानी और भोजन का विशेष प्रबंधन

विदेशी पक्षियों के इस असामान्य ठहराव को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वेटलैंड के सभी जलीय निकायों (Water Bodies) में जल प्रबंधन की विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि तपती गर्मी में भी पक्षियों के लिए पानी की कमी न हो और उनके लिए भोजन (मछलियां व जलीय जीव) की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। "प्रवासी पक्षियों के इस असामान्य ठहराव को देखते हुए जोधपुर झाल वेटलैंड पर उनके लिए आवश्यक आवास, जल एवं भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। पर्यावरणीय परिवर्तनों के प्रभावों को समझने और पक्षी संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए हमारी टीम निरंतर निगरानी कर रही है।"

 — लक्ष्मी नागप्पन, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा