संघ प्रमुख मोहन भागवत आज वृंदावन आएंगे
संघ प्रमुख मोहन भागवत आज वृंदावन आएंगे, सात दिन करेंगे प्रवास
- चंद्रोदय मंदिर और सुदामा कुटी में संतों के बीच जाएंगे संघ प्रमुख
वृंदावन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की सात दिवसीय बैठक आज रविवार से वृंदावन स्थित केशवधाम में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत करेंगे। इस दौरान वे वृंदावन में सात दिन का प्रवास करेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार को भोपाल से तेलंगाना एक्सप्रेस द्वारा मथुरा जंक्शन पहुंचेंगे। शाम लगभग पांच बजे उनके मथुरा पहुंचने की संभावना है। इसके बाद वे कार से लगभग 5: 45 बजे वृंदावन स्थित केशवधाम पहुंचेंगे।
सात दिन होगा चिंतन- मंथन
संघ प्रमुख का यह प्रवास 5 जनवरी से 9 जनवरी तक रहेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह के सत्र में केशवधाम में संघ के केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चिंतन और मंथन किया जाएगा।
चंद्रोदय मंदिर और सुदामा कुटी का कार्यक्रम
9 जनवरी को सुबह 9 बजे मोहन भागवत केशवधाम से छटीकरा मार्ग स्थित श्री चंद्रोदय मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां वे ठाकुरजी के दर्शन करेंगे तथा मंदिर की गोशाला और रसोई का अवलोकन करेंगे। साथ ही पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे लगभग दो घंटे चंद्रोदय मंदिर में रहेंगे। इसके बाद 10 जनवरी को दोपहर 3:30 बजे संघ प्रमुख केशवधाम से सुदामा कुटी के लिए रवाना होंगे। वहां 4 बजे पहुंचकर संत सुदामा दास महाराज के शताब्दी समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम के बाद वे लगभग दो घंटे सुदामा कुटी में ठहरेंगे।
दिल्ली के लिए प्रस्थान
सुदामा कुटी कार्यक्रम के उपरांत संघ प्रमुख मोहन भागवत रात्रि लगभग 8 बजे कार द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे। संघ प्रमुख के वृंदावन आगमन को लेकर केशवधाम सहित संत समाज और संघ कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



