ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी महोत्सव 22 दिसंबर से
वृंदावनः कभी बांकेबिहारी तो कभी भगवान शिव के स्वरूप में ठाकुर राधावल्लभ देंगे दर्शन
- ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी महोत्सव 22 दिसंबर से
- सुबह एक माह निरंतर लगेगा कई प्रकार की खिचड़ी का भोग
- हवेली संगीत में खिचड़ी के पदों का गायन करेंगे समाजी
वृंदावन। ब्रज की प्राचीन परंपराओं को सहेजते हुए ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव 22 दिसंबर से 17 जनवरी तक एक माह तक चलेगा। इस दौरान प्रातःकालीन सेवा में ठाकुर राधावल्लभ भक्तों को कभी श्री बांकेबिहारी महाराज, कभी दाऊजी और कभी भगवान शिव सहित विभिन्न दिव्य स्वरूपों में दर्शन देंगे।
समाज गायन और विशेष झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
खिचड़ी महोत्सव के दौरान मंदिर में प्रतिदिन समाज गायन का आयोजन होगा, जिसमें समाजी ठाकुरजी के समक्ष ब्रजभाषा की वाणी का गायन कर आराध्य को रिझाएंगे। प्रातः मंगला आरती के पश्चात ठाकुरजी विभिन्न विशेष झांकियों में भक्तों को दर्शन देंगे। एकादशी के दिन ठाकुर राधावल्लभ श्री बांकेबिहारी महाराज के स्वरूप में, पूर्णिमा पर दाऊजी, भगवान शिव, शिक्षक, आचार्य और व्यापारी के रूप में दर्शन देंगे।
मेवा युक्त खिचड़ी का लगेगा भोग
महोत्सव के दौरान मंदिर की रसोई में धीमी आंच पर मेवा युक्त खिचड़ी विशेष रूप से तैयार की जाएगी, जिसका भोग प्रतिदिन प्रातः ठाकुरजी को अर्पित किया जाएगा। यह भोग ब्रज की परंपरागत शैली के अनुसार तैयार किया जाएगा, जो शीत ऋतु में ठाकुरजी की सेवा का विशेष अंग माना जाता है।
सेवायत गोस्वामियों ने शुरू की तैयारियां
महोत्सव को लेकर सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी की सेवा से जुड़ी सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभिन्न झांकियों के लिए विशेष पोशाक, श्रृंगार सामग्री और भोग व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन कई झांकियों के दर्शन भक्तों को प्राप्त होंगे।
मंदिर के सेवायत आचार्य सुकृत लाल गोस्वामी ने बताया कि पौष शुक्ल दौज से माघ शुक्ल एक तक प्रातःकाल ठाकुरजी को खिचड़ी का भोग अर्पित किया जाता है। उन्होंने वाणीकारों द्वारा रचित वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि मंगल समय में श्री राधावल्लभ कुंज महल में खिचड़ी जेवन की परंपरा चली आ रही है, जो प्रेम और रसरूप भक्ति का प्रतीक है। खिचड़ी महोत्सव के दौरान ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और ब्रज परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिसमें देश-विदेश से आने वाले भक्त सहभागी बनेंगे।



