वृंदावन के रंग मंदिर में 7 मार्च से शुरू होगा ब्रह्मोत्सव, 13 मार्च को निकलेगा विशाल रथ

  • Saturday March 07 2026 - 12:24 AM
  •  

वृंदावन। श्रीरामानुज संप्रदाय के श्रीरंग मंदिर में दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव 7 मार्च से वैदिक परंपराओं के अनुसार विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। इसमें दस दिन सुबह और शाम भगवान गोदारंगमन्नार सोने एवं चांदी से जड़ी विशाल सवारी में विराजमान होकर मंदिर से रंगजी के बगीचा के बीच भक्तों को दर्शन देंगे। 

मंदिर के स्वामी रघुनाथ आचार्य ने बताया कि श्रीरामानुज संप्रदाय की श्रीवैष्णवीय परंपरा के प्रमुख दिव्यदेश रंग मंदिर में प्रतिदिन विभिन्न मंगल उत्सव आयोजित होते रहते हैं, लेकिन इनमें ब्रह्मोत्सव सबसे प्रमुख और भव्य उत्सव माना जाता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मोत्सव रथ मेले का शुभारंभ अंकुरारोपण, देव आह्वान और ध्वजारोहण से सात मार्च को होगा। इस दौरान दक्षिण भारतीय वेदपाठी विद्वान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणपति और अन्य देवगणों का आव्हान करेंगे।

मंदिर के प्रबंधक श्रीकृष्णन ने बताया कि 7 मार्च को पहले दिन प्रातः ठाकुर रंगनाथ भगवान स्वर्ण निर्मित पूर्ण कोठी में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद प्रतिदिन ठाकुर गोदा रंगमन्नार भगवान स्वर्ण और रजत निर्मित विभिन्न वाहनों सूर्यप्रभा, चंद्रप्रभा, गरुड़, हनुमान, पालकी, सिंह, घोड़ा और सिंहशार्दूल पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।

मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन ने बताया कि 12 मार्च को भगवान गोदा रंगमन्नार कांच के विमान में विराजमान होकर भक्तों के साथ होली खेलेंगे, जो ब्रह्मोत्सव का विशेष आकर्षण होगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार ब्रह्मोत्सव की परंपरा ब्रह्माजी द्वारा लोककल्याण की भावना से प्रारंभ की गई थी, इसलिए इसे भगवान का प्रमुख और अत्यंत पवित्र उत्सव माना जाता है।

13 मार्च को निकलेगा विशाल चंदन रथ

ब्रह्मोत्सव का मुख्य आकर्षण विशाल रथ है। 13 मार्च को भगवान श्री रंगनाथ श्रीदेवी और भूदेवी के साथ इस रथ में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस विशाल रथ को भक्तों द्वारा रस्सों से खीचकर आगे बढाया जाएगा। 

14 मार्च को होगी भव्य आतिशबाजी

उत्सव के क्रम में 14 मार्च को श्री रंगजी के बड़े बगीचे में भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

16 मार्च को पुष्पक विमान के साथ होगा समापन

दिव्य महोत्सव का समापन 16 मार्च को अद्वितीय पुष्पक विमान उत्सव के साथ होगा। इसके बाद स्वर्ण स्तंभ पर विराजमान भगवान के प्रमुख वाहन गरुड़ जी को वैदिक मंत्रों के साथ विधिवत विदाई दी जाएगी।

ब्रह्मोत्सव कार्यक्रम सूची

7 मार्च 2026 (शनिवार)

सुबह 8:00 से 11:00 बजे - श्रीपूर्णकोठी

रात 7:30 से 10:30 बजे - श्रीसिंह

8 मार्च 2026 (रविवार)

सुबह 8:00 से 11:00 बजे - श्रीसूर्यप्रभा

रात 7:30 से 10:30 बजे - श्रीहंस

9 मार्च 2026 (सोमवार)

सुबह 8:00 से 10:30 बजे - श्रीगरुड़जी

रात 7:30 से 10:00 बजे - श्रीहनुमानजी (छोटी आतिशबाजी)

10 मार्च 2026 (मंगलवार)

सुबह 8:00 से 11:00 बजे - श्रीरंगजी

रात 7:30 से 10:30 बजे - श्रीकल्पवृक्ष

11 मार्च 2026 (बुधवार)

दोपहर 1:00 से 2:00 बजे - श्रीपालकी

रात 7:30 से 10:30 बजे - श्रीसिंह शार्दूल

12 मार्च 2026 (गुरुवार)

सुबह 9:00 से 12:00 बजे - कांच का विमान (होली)

रात 7:00 से 10:00 बजे - श्रीहाथी

13 मार्च 2026 (शुक्रवार)

दोपहर 1:30 से 3:00 बजे - श्रीरथ की सवारी

14 मार्च 2026 (शनिवार)

शाम 2:00 से 8:00 बजे - भगवान और अम्माजी का चरण स्नान (भव्य आतिशबाजी)

15 मार्च 2026 (रविवार)

सुबह 7:30 से 10:30 बजे - श्रीपालकी

रात 12:00 से 2:30 बजे - पुण्य काल स्नान (गेंद कुंड)

दोपहर 12:00 से 2:00 बजे - श्रीभूपा स्वर्णपालकी / श्रीफूलकुंड में अवभृत स्नान

16 मार्च 2026 (सोमवार)

शाम 6:00 से 11:30 बजे - श्रीचंद्रप्रभा

रात 10:30 से 11:30 बजे - श्रीपुष्पक विमान (समापन)