राधवल्लभ सम्प्रदाय का विशेष अनुष्ठान है खिचड़ी महोत्सव
वृन्दावन। गोविन्द घाट स्थित अखिल भारतीय निर्मोही बड़ा अखाड़ा श्रीहित रासमण्डल में इन दिनों खिचड़ी महोत्सव की धूम है। यहां प्रतिदिन मंगला आरती से पूर्व श्रीजी के नाम सेवा मंदिर में पंचमेवा युक्त एक विशेष खिचड़ी का भोग लगाया जा रहा है। साथ ही उनके सम्मुख प्रख्यात राधावल्लभीय सन्तों की खिचड़ी से सम्बंधित वाणियों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया जा रहा है। पौष शुक्ल द्वितीया (4जनवरी) से प्रारंभ हुआ यह महोत्सव माघ शुक्ल द्वितीया (2 फरवरी) तक चलेगा।
इस दौरान श्रीजी को चांदी की अंगीठी में चन्दन की लकड़ी से तपाया जा रहा है। इस अवसर आयोजित सन्त-विद्वत संगोष्ठी में रासमण्डल के श्रीमहन्त लाड़िली शरण महाराज व बाद ग्राम स्थित श्रीहितहरिवंश महाप्रभु की जन्मभूमि के महन्त श्रीहितदम्पति शरण काका महाराज कहा है कि ब्रज में ठाकुर जी की भावमयी सेवा होती है। क्योंकि ठाकुरजी भाव व भक्ति से अत्यधिक प्रसन्न होते हैं। भक्त अपने आराध्य को अपनी भावना से ही रिझा सकता है। इसीलिए आजकल की कड़कड़ाती ठंड में हम लोग श्रीजी को गर्म वस्त्र धारण करा कर उन्हें पंच मेवा युक्त अत्यंत विशिष्ट खिचड़ी व अन्य गर्म खाद्य पदार्थों का भोग लगा रहे हैं।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी व आचार्य विष्णुमोहन नागार्च ने कहा कि श्रीधामवृन्दावन के विभिन्न राधवल्लभीय मंदिरों में प्रतिवर्ष खिचड़ी महोत्सव आयोजित करने का शुभारंभ 18वीं शताब्दी में गोस्वामी ब्रजलाल महाराज ने किया था। उनके द्वारा रचित ग्रन्थ "सेवा विचार" में इस उत्सव का विस्तृत वर्णन है।
रसिक सन्त पुरुषोत्तम पुजारी महाराज व सन्त रसिक माधव दास महाराज ने कहा कि राधवल्लभीय मन्दिरों में भोग के साथ राग का भी अत्यधिक महत्व है। अतः हम लोग जब ठाकुरजी के समक्ष खिचड़ी का भोग रखते हैं तब मन्दिर में समाज गायन भी होता है।
राधवल्लभीय विद्वान डॉ. चंद्रप्रकाश शर्मा व युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा ने कहा कि श्रीधाम वृन्दावन में प्रतिवर्ष प्रातः काल लगभग 2 घण्टे चलने वाले खिचड़ी महोत्सव की धूम अद्भुत, निराली व दर्शनीय होती है। इस दौरान ठाकुरजी को भोग लगाई जाने वाली नमकीन व मीठी खिचड़ी का स्वाद निराला ही होता है। लोग-बाग इस खिचड़ी प्रसाद को पाने के लिए वर्ष भर प्रतीक्षा करते हैं।
रासाचार्य स्वामी देवेन्द्र वशिष्ठ व दिनेश सिंह तरकर ने कहा कि राधवल्लभ सम्प्रदाय में खिचड़ी महोत्सव को 1 माह तक एक विशेष अनुष्ठान के रूप में मनाया जाता है। इसमें भाग लेने के लिए देश-विदेश के असँख्य भक्त-श्रद्धालु वृन्दावन आते हैं। जो राधवल्लभीय वैष्णव जन इस महोत्सव में श्रीधाम वृन्दावन नही आ पाते हैं वह अपने-अपने घरों में अपने सेव्य ठाकुरजी को पूरे एक माह खिचड़ी का भोग लगाते हैं।
इस अवसर पर सिंहपौर हनुमान मंदिर के महन्त सुन्दर दास महाराज, पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, श्रीहितललित वल्ल्भ नागार्च, इंद्र शर्मा,प्रियावल्लभ वशिष्ठ, भागवताचार्य रामप्रकाश भारद्वाज मधुर, भागवताचार्य राकेश शास्त्री, लालू शर्मा व ईश्वरचन्द्र रावत आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये।संचालन डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने किया।



