सूर्य प्रभा वाहन पर विराजे भगवान रंगनाथ, ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन भक्ति में डूबा वृंदावन

  • Monday March 09 2026 - 12:19 AM
  •  

  • स्वर्ण निर्मित सूर्य प्रभा पर माता गोदा संग दिए दर्शन
  • वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई कुंभ आरती

वृंदावन। तीर्थ नगरी में दक्षिणात्य शैली के विशालतम के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन रविवार प्रातः भगवान रंगनाथ माता गोदा जी के साथ स्वर्ण निर्मित सूर्य प्रभा वाहन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। ठाकुर गोदा रंगमन्नार के स्वागत में श्रद्धालुओं ने सुंदर रंगोलियां सजाईं और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर परंपरा के अनुसार रथ मंडप से सूर्य प्रभा पर विराजमान होकर भगवान रंगनाथ की सवारी मंदिर प्रांगण स्थित बारहद्वारी तक पहुंची। यहां मंदिर के स्वामी रघुनाथ स्वामी के नेतृत्व में दक्षिण भारत से आए विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सस्वर दिव्य पाठ किया। वैदिक मंत्रोच्चार पूर्ण होने के बाद भगवान की कुंभ आरती संपन्न हुई। इसके पश्चात भगवान की सवारी नगर भ्रमण के लिए निकली। परंपरागत वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच भगवान स्वर्ण निर्मित सूर्य प्रभा वाहन पर विराजमान होकर मंदिर से बाहर निकले। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भगवान रंगनाथ के जयकारों से गूंज उठा और भक्तों ने भक्ति भाव से दर्शन किए।

ब्रह्मोत्सव के दूसरे दिन निकलने वाली इस सवारी का महत्व बताते हुए मंदिर के स्वामी रघुनाथ स्वामी ने बताया कि सूर्य देव समस्त ब्रह्मांड को प्रकाश देते हैं, किंतु उनकी प्रभा भी भगवान नारायण की ही देन है। प्रभु के इस स्वरूप के दर्शन करने से श्रद्धालुओं के दृष्टि दोष दूर होने की मान्यता है।

इससे पूर्व शनिवार सायंकाल भगवान रंगनाथ स्वर्ण निर्मित सिंह (शेर) वाहन पर विराजमान होकर निकले थे। सोने के सिंह पर विराजमान भगवान के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। सिंह को मृगेन्द्र भी कहा जाता है। मान्यता है कि सिंह वाहन पर विराजमान प्रभु के दर्शन से भक्तों को शक्ति और साहस की प्राप्ति होती है।