संत प्रेमानंद महाराज को हंसाने वाले पपेट 'जोजो-जॉनी' मिले, कलाकार की आंखों में आए खुशी के आंसू

  • Sunday June 07 2026 - 05:23 PM
  •  

वृंदावन। संत श्री प्रेमानंद महाराज को अपनी कला से हंसाने वाले जयपुर के मशहूर पपेट कलाकार राहुल मिश्रा के लापता पपेट (पुतले) 'जोजो' और 'जॉनी' आखिरकार सुरक्षित मिल गए हैं। वृंदावन में एक ई-रिक्शा चालक के घर से दोनों पपेट्स को बरामद कर लिया गया है। अपने परिवार का हिस्सा बन चुके इन पपेट्स को वापस पाकर कलाकार राहुल मिश्रा भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक आए।

बैग लेकर रफूचक्कर हो गया था ई-रिक्शा चालक

घटना शुक्रवार की है, जब जयपुर निवासी राहुल मिश्रा अपने साथियों के साथ वृंदावन परिक्रमा के लिए आए थे। वे ई-रिक्शा में सवार होकर सुखधाम आश्रम पहुंचे। राहुल जब आश्रम के भीतर कमरा देखने के लिए गए, इसी बीच ई-रिक्शा चालक उनका बैग लेकर वहां से फरार हो गया। इस बैग में उनके चहेते पपेट्स 'जोजो' और 'जॉनी' के साथ अन्य सामान भी था।

सोशल मीडिया पर अपील और स्थानीय युवक की मदद से मिली कामयाबी

पपेट्स के गायब होने से परेशान कलाकार ने तुरंत सोशल मीडिया पर भावुक अपील जारी की। इसके बाद उन्होंने स्थानीय युवक पिंटू की मदद ली। राहुल और पिंटू ने मिलकर ऑटो स्टैंड से लेकर पूरे परिक्रमा मार्ग तक ई-रिक्शा चालक की सघन तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद देर रात उन्हें चालक के घर का सुराग मिल गया, जहां से उन्होंने अपने दोनों पपेट्स को सुरक्षित वापस पा लिया।

कलाकार ने पुलिस और जनता का जताया आभार, कार्रवाई से किया इनकार

दोनों पपेट्स के सकुशल मिलने के बाद कलाकार राहुल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा: "जोजो और जॉनी सिर्फ पपेट्स नहीं, बल्कि मेरे परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। इनके बिना मेरी कला अधूरी है।" राहुल मिश्रा ने वृंदावन पुलिस और स्थानीय निवासियों का दिल से धन्यवाद दिया है। साथ ही, उन्होंने दरियादिली दिखाते हुए ई-रिक्शा चालक के खिलाफ किसी भी प्रकार की कानूनी या पुलिस कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है।

---