सोहना में 'सहेलियों' ने रचाई शादी: हिंदू-मुस्लिम युवतियों के समलैंगिक विवाह पर बवाल, परिजनों के पहुंचते ही मचा हड़कंप

  • Saturday May 09 2026 - 10:57 AM
  •  

सोहना (गुरुग्राम)। हरियाणा के गुरुग्राम जिले का सोहना कस्बा शुक्रवार को उस समय छावनी में तब्दील हो गया, जब दिल्ली की दो युवतियों के समलैंगिक विवाह (Same-Sex Marriage) की खबर सामने आई। धर्म की दीवार और सामाजिक बेड़ियों को तोड़ते हुए एक हिंदू और एक मुस्लिम युवती ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। जैसे ही इस बात की भनक उनके परिजनों को लगी, पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मंदिर में शादी का दावा, दिल्ली से सोहना तक का सफर

जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं और पिछले काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर सोहना के वार्ड नंबर 19 (खटीक वाड़ा क्षेत्र) में रह रही थीं। पुलिस को दिए बयान में युवतियों ने दावा किया कि वे काफी समय से रिलेशनशिप में थीं और उन्होंने एक मंदिर में जाकर शादी कर ली है। अब वे एक 'पति-पत्नी' की तरह साथ रहना चाहती हैं।

परिजनों ने पुलिस के साथ मारा छापा, माहौल हुआ तनावपूर्ण

युवतियों के परिजन उनकी काफी समय से तलाश कर रहे थे। जब उन्हें लोकेशन का पता चला, तो उन्होंने तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार शाम जब पुलिस टीम परिजनों के साथ मौके पर पहुंची, तो वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का गुस्सा चरम पर था, लेकिन युवतियां अपनी जिद पर अड़ी रहीं। युवतियों ने साफ कहा- "हम एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते, साथ जिएंगे और साथ मरेंगे।"

सुरक्षा की गुहार और पुलिस का फैसला

परिजनों के कड़े विरोध को देखते हुए दोनों युवतियों ने अपनी जान का खतरा बताया और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया।

थाना प्रभारी का बयान:-  "जांच में पाया गया कि दोनों युवतियां बालिग (Adult) हैं। चूंकि कानूनन दो बालिग व्यक्ति अपनी मर्जी से साथ रहने का अधिकार रखते हैं, इसलिए उनके बयान दर्ज करने के बाद उन्हें अपनी मर्जी से जीवन जीने की अनुमति दे दी गई है।"

इलाके में चर्चा का विषय :- यह मामला सोहना और आसपास के इलाकों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। एक तरफ जहां परिजन इस रिश्ते को अपनाने को तैयार नहीं हैं, वहीं दूसरी तरफ कानून और युवतियों की रजामंदी ने समाज के सामने एक नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल, पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।