श्री रंगनाथ मन्दिर में चांदी की पालकी में विराजमान हुए भगवान गोदारंगमन्नार

  • Monday August 08 2022 - 09:13 AM
  •  

भगवान रंगनाथ का 13 दिवसीय झूलन उत्सव का हुआ शुभारम्भ। 

वृन्दावन। दक्षिण भारतीय शैली के श्री रंगनाथ मन्दिर में शनिवार को हरियाली तीज पर्व से झूलन उत्सव की शुरुआत हुई। 13 दिवसीय झूलन उत्सव के प्रथम दिन भगवान रंगनाथ माता गोदाजी के साथ रजत निर्मित झूले में विराजमान हुए। 

गरुड़ स्तंभ के समीप मंडप में आकर्षक वेल पत्तियों ,अंगूरों की कलाकृति से जड़ित झूले में विराजमान भगवान गोदा रंगमन्नार के दर्शन कर श्रद्धालु मंत्र मुग्ध हो गए और लगाने लगे भगवान रंगनाथ के जयकारे। निज मंदिर से चांदी की पालकी में विराजमान हो कर भगवान रंगनाथ माता गोदा जी के साथ झूला स्थल पहुंचे। जहां मंदिर के सेवायत राजू स्वामी,चौवी स्वामी,रंगा स्वामी आदि ने वैदिक मंत्रोचारण के मध्य भगवान को झूले में विराजमान किया।

 गौरतलब है कि हरियाली तीज का पर्व ब्रज के प्रमुख पर्वों में से एक है। यही वजह है कि हरियाली तीज पर्व पर भगवान को झूला में विराजमान कर झुलाया जाता है। अपने आराध्य के झूले में विराजमान दर्शन कर श्रद्धालु भी अभिभूत हो जाते हैं।रंगनाथ मंदिर में आयोजित 13 दिवसीय झूलन उत्सव का समापन रक्षा बंधन के अवसर पर होगा।