आगरा की जामा मस्जिद में से केशवदेव विग्रह को वापस मंदिर में लाने का धीरेन्द्र कृष्ण शास़्त्री ने लिया संपर्क
वृन्दावन। बागेश्वर धाम के धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने आगरा की जामामस्जिद की सीढ़ियों में से केशवदेव विग्रह को वापस मंदिर में लाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि भारत हिन्दू राष्ट्र घोषित होना चाहिए। इसके लिए सभी को एकजुट होकर आगे आने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि वृन्दावन में काशी विश्वनाथ कारीडोर की तर्ज पर बांकेबिहारी कारीडोर बनना चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री प्रियाकान्तजु मंदिर पर चल रहे सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग महोत्सव में 30वें दिन बुधवार को शामिल हुए। उन्होंने भागवताचार्य देवकीनंदन महाराज के साथ अभिषेक कर पार्थिव शिवलिंगों की आरती उतारी।
बागेश्वर महाराज ने शिवलिंग विसर्जन करने के दौरान कहा कि ब्रज में शिवभक्ति अद्भुद हैं। शिवमय होकर राम-कृष्ण को प्राप्त किया जा सकता है। श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि अब समय भागने का नहीं जागने का है। सभी एकत्रित होकर भारत को सनातन हिंदू राष्ट्र बनाओ। सभी सनातनियों को अपने सनातन चिन्ह धारण करने चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस दिन 25 करोड़ सनातनी हिंदू अपने मस्तक पर तिलक लगाकर चलना शुरू कर देगें, भारत में हिंदू राष्ट्र की तस्वीर दिखनी शुरू हो जाएगी’।
आगरा जामामस्जिद से केशवदेव विग्रह को वापस लाने के लिये देवकीनंदन महाराज द्वारा किये जा रहे सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग अनुष्ठान को सार्थक बताते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हृदय गद्गद हो जाता है जब सत्य सनातन के लिये आवाज बुलन्द करता है। ऐन केन प्रकारेण ठाकुरजी विग्रह जामा मस्जिद से बाहर निकाल कर लाएंगे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि भी शीघ्र अतिक्रमण मुक्त होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त धीरेन्द्र शास्त्री से मिलने पहुंचे। मंदिर सचिव विजय शर्मा ने बताया कि शिवलिंग महोत्सव में 6 लाख 11 हजार पार्थिव शिवलिंग बनाये। कल सवा करोड़ शिवलिंग पूर्ण कर आयोजन का समापन होगा।



