श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले, समर्थन पत्र सौंपा
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गोस्वामी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मिले, समर्थन पत्र सौंपा
- प्रयागराज पहुंचा सेवायतों का प्रतिनिधि मंडल
- दुर्व्यवहार की घटना की निंदा
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायतों का एक प्रतिनिधि मंडल प्रयागराज पहुंचा, जहां उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनके साथ हुए दुर्व्यवहार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें समर्थन पत्र सौंपा। इस दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सरकार द्वारा मंदिरों के हो रहे अधिग्रहण और पुरानी धार्मिक धरोहरों को समाप्त करने की मंशा पर भी सवाल खड़े किए।
प्रतिनिधि मंडल ने शंकराचार्य को समर्थन पत्र सौंपते हुए माघ मेला क्षेत्र में उनके साथ हुई घटना की निंदा की। सेवायत गोस्वामियों ने मंदिर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। इस विषय को लेकर वहां मौजूद लोगों ने भी नाराजगी जताई और घटना की निंदा की।
माघ मेला में रथ रोके जाने की निंदा
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत रजत गोस्वामी और गोपेश गोस्वामी ने बताया कि उन्होंने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से भेंट कर उन्हें समर्थन पत्र सौंपा और माघ मेला के दौरान प्रशासन द्वारा उनके रथ को रोके जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि देश के धर्माचार्य समाज को दिशा देने और धर्म को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। ऐसे में शंकराचार्य को स्नान करने से रोकना पूरी तरह अनुचित है। सेवायत गोस्वामियों ने स्पष्ट कहा कि ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर का गोस्वामी समाज शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ खड़ा है और इस प्रकार के व्यवहार का विरोध करता है।
प्रतिनिधि मंडल में ये लोग रहे मौजूद
इस प्रतिनिधि मंडल में संतू गोस्वामी, लालमणि गोस्वामी, ब्रजेश गोस्वामी, बसंत गोस्वामी, धर्मेश गोस्वामी, अनंत गोस्वामी, देव गोस्वामी, राजू शर्मा, गोपेश गोस्वामी, रजत गोस्वामी, बसंत गोस्वामी, धर्मेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।



