बरसाना की सुप्रसिद्ध लठामार होली के नायक है बृज दूल्हे
बरसाना। विश्वप्रसिद्ध बरसाना की लठामार होली का जिक्र हो और बृज के दुल्हे का नाम न आए ऐसा संभव नहीं है। बृज दूल्हे एक तरह से बरसाना की लठामार होली के नायक हैं। नंदगांव के हुरियारे होली खेलने से पहले इस मंदिर में आकर बृज के दूल्हे को अपने साथ होली खेलने के लिए आमंत्रित करते हैं। कस्बे की भूमिया गली में स्थित रूपराम कटारा की हवेली में बृज दूल्हे का मन्दिर है।
इस मंदिर में भगवान कृष्ण दूल्हे के रूप में पूजे जाते हैं। इस मंदिर के महत्व का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बरसाना की लठामार होली में नंदगांव से होली खेलने आने वाले हुरियारे यहां आकर बृज दूल्हे को प्रणाम करते हैं और होली खेलने की आज्ञा लेकर उन्हें अपने साथ होली खेलने को आमंत्रित करते हैं।
बृज दूल्हे की मान्यता प्राचीन है। इसी मान्यता से प्रेरित होकर भरतपुर राज्य के राजपुरोहित और वकील रहे रूपराम कटारा ने करीब ढाई सौ साल पहले इस मंदिर का निर्माण कराया था। इस मंदिर में भगवान कृष्ण की पूजा दूल्हे के रूप में की जाती है। इस मंदिर की एकऔर विशेषता है कि अन्य मंदिरों में जहां सेवा पूजा के कार्य पुरुष करते हैं उसके ठीक उलट इस मंदिर की सेवा का दायित्व स्त्रीयां और लड़कियां ही संभालती हैं। नंदगांव से होली खेलने बरसाना आने वाले हुरियारे प्रिया कुंड पर आकर पाग बांधते हैं। इसके बाद वे लाड़ली जी मन्दिर में समाज गायन में हिस्सा लेते हैं। समाज गायन के बाद हुरियारे बरसाना की गलियों में फाग गाते हुए हुरियारिनों को होली के लिए बुलाते हैं।
"द्वापर युग में जब भगवान कृष्ण अपने सखाओं के साथ सज धज कर होली खेलने बरसाना आए तो गोपियों ने उनके साथ लठामार होली खेलने का मन बना लिया। गोपियों के हाथों में लाठियां देखकर ग्वाल-वाल डर कर भाग खड़े हुए और कृष्ण वहीं कहीं छिप गए। छिपे हुए कृष्ण को गोपियों ने ढूंढ निकाला और उनका कान खींचकर कहा कि दूल्हा तो यहां छिपा हुआ है। तब से कृष्ण का एक नाम बृज दूल्हा भी पड़ गया।" बृज दूल्हे लठामार होली के नायक है। इन्हें प्रमाण करने के बाद ही लठामार होली की शुरुआत होती है। प्रत्येक हुरियारा लठामार होली से पहले बृज दूल्हे से होली खेलने की अनुमति लेता है।



