श्रीबाँकेबिहारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लानी होगी RTPCR रिपोर्ट, कराना होगा ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन
वृंदावन। सुप्रसिद्ध बाँकेबिहारी मंदिर में अब आराध्य के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को कोविड टेस्ट -आरटीपीसीआर रिपोर्ट लानी होगी साथ ही ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन करने के बाद ही भक्तों को मंदिर में प्रवेश करने दिया जाएगा। इसके अलावा गृह मंत्रालय द्वारा कोविड संक्रमण से बचाव के लिए जारी की गई गाइड लाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। यह आदेश श्री बाँकेबिहारी मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन मथुरा अर्चना सिंह ने दिए हैं।
देशभर में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढते मामलों और 23 राज्यों में कोरोना के तेजी से फैलते ऑमीक्रोन वैरिएंट को ध्यान में रखते हुए श्री बाँकेबिहारी प्रशासक सख्त हो गया है। मंदिर में इन दिनों प्रतिदिन करीब 50 हजार श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हेैं। मंदिर एवं मंदिर को जाने वाली सकरी गलियों में श्रद्धालुओ के भीड़ के दबाव को देखते हुए कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और महामारी से सुरक्षित श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के लिए मथुरा कोर्ट यानि मंदिर प्रशासक ने सख्त आदेश जारी किए हैं।
आइए जानते हैं श्रद्धालुओं और मंदिर प्रबंधन को किन 12 नियमों का पालन करना है-
1- मंदिर में आने वाले बाहरी दर्शनार्थियों को आरटीपीसीआर रिपोर्ट लाना अनिवार्य हो।
2- मंदिर परिसर समेत मंदिर के आस-पास की गलियों में भीड़ के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सहयोग से मंदिर के प्रवेश द्वार एवं गलियों में वन-वे आवागमन किया जाए।
3- मंदिर के प्रवेश मार्गों पर सेनेटाइजेशन के लिए टनल लगी हैं। श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश से पहले थर्मल स्कैनिंग, मास्क, हैण्ड सैनेटाइजेशन एवं सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाए।
4- मंदिर के निकास मार्गों, गलियों में अनावश्यक भीड़ का दबाव न हो, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए गलियों एवं मार्गो में पुलिस कर्मी तैनात किए जाएं।
5- मंदिर में स्थाई वन वे व्यवस्था लागू की जाए। जिसमें कि मंदिर के गेट 2 एवं 3 से प्रवेश एवं गेट 1 एवं 4 से निकास हो, गेट 5 गोस्वामी समाज के लिए आरक्षित हो।
6- भीड़ के समुचित निकास के लिए मंदिर में दर्शनार्थियों को अधिक समय तक खड़ा न रहने दिया जाए।
7- कोविड संक्रमण काल में ऑन लाइन रजिस्टे्रेशन के माध्यम से सीमित संख्या में दर्शनार्थियों को दर्शन कराए जाएं।
8- कोविड नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस एवं पैरा मिलिट्री फोर्स की तैनाती की जाए।
9- मंदिर के प्रवेश मार्गों पर कोविड टेस्टिंग डेस्क बनाई जाएं।
10- मंदिर में वन- वे सिस्टम का कड़ाई से पालन कराया जाए।
11- मंदिर के गोस्वामियों के अलावा अन्य व्यक्ति एवं श्रद्धालुओं को दर्शन के तुरंत बाद मंदिर परिसर छोड़ना होगा।
12- समय-समय पर सरकार द्वारा जारी कोविड-19 के नियमों का पालन किया जाए।



