बीजापुर में बड़ा नक्सल एनकाउंटर: 12 नक्सली ढेर, 2 जवान बलिदान

  • Sunday February 16 2025 - 12:17 AM
  •  

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में पुलिस व नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई है। पुलिस सुरक्षा बल ने छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 12 नक्सलियों को मार गिराया है। बताया जाता है कि इस मुठभेड़ में 12 से अधिक नक्सली ढेर हुए हैं। वहीं दो जवान बलिदान और दो जवान घायल भी हुए हैं। घायल जवानों को निकालने के लिए जगदलपुर से एमआई-17 हेलीकॉप्टर रवाना किया गया है। बस्तर संभाग के आईजीपी सुंदर राज ने एनकाउंटर की पुष्टि की है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ भी सकती है।

यह एनकाउंटर बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में हुआ है, अभी भी अन्य नक्सलियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। बीजापुर डीआरजी, एसटीएफ और बस्तर फाइटर के जवानों ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेर रखा है। आईजी ने बताया कि नक्सलियों के बड़ी संख्या में जमा होने की सूचना मिली थी, इसके बाद मौके पर फोर्स रवाना की गई है। सुबह से ही रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि इस नक्सल ऑपरेशन में नक्सलियों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।