फोटो- साभार भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीटर अकांउट
सूडान में फंसे भारतीयों की स्वदेश लाने के लिए 'Operation Kaveri' शुरू
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने सूडान में फंसे भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ ('Operation Kaveri') शुरू किया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। विदेश मंत्री जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि ‘सूडान में फंसे हमारे नागरिकों को वापस लाने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ चलाया जा रहा है। लगभग 500 भारतीय पोर्ट सूडान पहुंच गए हैं। रास्ते में और भी भारतीय हैं। हमारे जहाज और विमान उन्हें घर वापस लाने के लिए तैयार हैं। सूडान में हमारे सभी भाइयों की सहायता के लिए भारत प्रतिबद्ध है। इस बचाव अभियान को ‘ऑपरेशन कावेरी’ नाम दिया गया है।
मालूम हो कि फ्रांस ने हिंसाग्रस्त सूडान से निकासी अभियान के तहत कुछ भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के नगरिकों को बाहर निकाला है। नई दिल्ली स्थित फ्रांसीसी दूतावास ने कहा कि भारत समेत 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला गया है। दूतावास ने ट्वीट किया, ‘फ्रांस का निकासी अभियान जारी है। कल रात दो सैन्य विमानों से भारतीय नागरिकों सहित 28 देशों के 388 लोगों को बाहर निकाला गया है।’ इस अभियान के दौरान बाहर निकाले गए भारतीयों की संख्या के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। रविवार को सऊदी अरब ने कहा कि उसने घनिष्ठ संबंध रखने वाले देशों और मित्र राष्ट्रों के 66 नागरिकों को सूडान से सुरक्षित रूप से निकाला है, जिनमें कुछ भारतीय भी शामिल हैं।
सूडान में, वहां की सेना और एक अर्द्धसैनिक समूह के बीच पिछले 10 दिनों से जारी भीषण लड़ाई में 400 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, भारत ने हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया है।
शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आकस्मिक योजनाओं की तैयारी के लिए निर्देश दिये थे। गुरुवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के साथ सूडान में स्थिति पर चर्चा की थी।



