वृंदावन में बंदरों की समस्या के निदान को वन विकसित करने होंगेः शैलजाकांत
- 1200 एकड़ भूमि पर आरंभिक तौर पर कृष्णकालीन वृक्ष लगेंगे
- कृष्णकालीन वन स्थापित करने को विदेशी बबूल खत्म करने होंगे
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि वृंदावन में बार-बार बंदरों की समस्या की बात तो होती है, लेकिन, हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि हमने बंदरों के लिए समस्या खड़ी की है। जंगल में बंदर रहते थे और घने जंगल में पीपल, पाखर, गूगल, पाटर, की नीम कौड़ी जो बंदर खाकर बीज, फल, मुलायम पत्तियों से बंदर अपना पेट भरते थे। लोग कहते हैं फलदार वृक्ष चाहिए, लेकिन, फल आदमी खाता है। बंदर तो यही खाते हैं।
उन्होंने कहा कि हजारों साल से बंदरों का जिस स्थान पर वास था, वहां आदमी पहुंच गये, तो बंदर कहां जाएंगे। उनके लिए यही वृक्ष चाहिए। वन विकसित होगा, तो बंदरों की समस्या भी खत्म होगी। अब 1200 एकड़ भूमि पर जब आरंभिक तौर पर कृष्णकालीन वृक्ष लगाएंगे तो चिड़िया, बंदर, हिरन सारे वन्य पशु आकर वास करेंगे। ये पुण्य का कार्य है। यदि कृष्णकालीन विरासत की बात करनी है तो सारे वन्य पशुओं का वृक्षावलियों का सोचना होगा। तभी हम उस दिशा में एक कदम ले पायंगे। नहीं तो हम गिट्टी मिट्टी का धर्म ही अपनाते रहेंगे। हमें ब्रज को सिंगापुर नहीं बनाना है, अगर हमें भगवान श्रीृकष्ण कालीन दिशा में जाना है, तो ये छोटा नहीं बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि उनके गुरू ब्रह्मर्षि देवराहा बाबा ने ब्रज की सेवा का आदेश दिया था। उसे पूरा करने का जिम्मा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे दिया है। 1990 में होली से चार दिन पहले संत प्रभुदत्त ब्रह्मचारी महाराज ने सुनरख वन में एक आयोजन रखा और उन्हें बुलाकर कहा था कि सुनरख वन प्राचीन वृंदावन है। यहीं यमुना किनारे भगवान श्रीकृष्ण ने कालीय नाग का मंथन किया था। महर्षि सौभरि ने कड़ी तपस्या की थी, उन्हीं के नाम पर इस वन का नाम पड़ा है। इसे पुनरस्थापित करना है, ये जिम्मेदारी तुम्हें संभालनी है। उस समय एसपी था और मेरे बस की बात नहीं थी। चुप हो गया। लेकिन, अब 2017 में मौका मिला, तो इस वन के सुंदरीकरण का बीड़ा उठाया।
उन्होंने कहा कि कोई भी काम धीरे से शुरू किया जाए भगवद कृपा से उसके पूरे होने की संभावना बनती है। मैंने 2017 में जिम्मेदारी संभाली तो मैं यहां आया, तो देखा सबकुछ उजड़ चुका है। कोई भी वृक्ष कृष्णकालीन नहीं है। 1990 में हर ओर कृष्णकालीन वृक्ष दिखाई देते थे, लेकिन, 27 वर्ष बाद सब नष्ट नजर आया। अंग्रेज आए और हमारे यहां सभ्यता के रूप में अंग्रेजी छोड़ गए और तमाम विदेशी प्रजातियां यहां समा गईं। जलकुंभी आई, गाजर घास, विदेशी बबूल ने सब कुछ नष्ट कर दिया।
उन्होंने कहा कि 2017 में फोरेस्ट इंस्टीट्यूट से अधिकारियों को बुलाया, तो उन्होंने रिपोर्ट दी कि जब तक विदेशी बबूल खत्म नहंी होगा, तब तक कोई प्रजाति ठहरेगी नहीं। हमने विदेशी बबूल को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। बड़ा कठिन था, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लगे रहो, काम संपन्न होगा।



