जिला संयुक्त चिकित्सालय में श्रद्धालु की मौत हो जाने पर विलाप करते परिजन।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु; भीड़ और गर्मी के बीच मध्यप्रदेश के श्रद्धालु की मौत
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शनिवार को दर्शनार्थियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। अधिक मास और सप्ताहांत (शनिवार) होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर और बाहरी रास्तों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। इसी बीच, मंदिर की संकरी गली नंबर तीन में भीड़ के जबरदस्त दबाव और भीषण गर्मी के कारण मध्यप्रदेश से आए एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भीड़ के दबाव में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में घोषित किया मृत
मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के गुना (बमौरी गांव) के रहने वाले 48 वर्षीय भारत सिंह लोधा अपनी पत्नी राममूर्ति, भाई राजेश, मामा सुरेश, विनोद और गोपाल के साथ कार से शनिवार सुबह वृंदावन पहुंचे थे। सुबह जुगल घाट पर यमुना स्नान करने के बाद पूरा परिवार ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए बढ़ा।
मंदिर की गली नंबर तीन में जबरदस्त भीड़ के कारण परिवार धीरे-धीरे प्रवेश द्वार संख्या तीन की तरफ बढ़ रहा था। तभी भीषण गर्मी और सफोकेशन (भीड़ के दबाव) की वजह से भारत सिंह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। इस दुखद खबर को सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने पैतृक गांव लेकर रवाना हो गए।
सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने पुष्टि की है कि श्रद्धालु की मृत्यु अचानक तबीयत खराब होने से हुई है और परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव ले गए हैं।
आपाधापी और धक्का-मुक्की के बीच हुए दर्शन; कतारों में बीते घंटे
शनिवार को वृंदावन का नजारा बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। अधिक मास के चलते सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन और पंचकोसी परिक्रमा के लिए पहुंचे थे।
लंबी कतारें: विद्यापीठ चौराहा से लेकर बांकेबिहारी मंदिर और दाऊजी तिराहा तक भक्तों की लंबी लाइनें लगी रहीं। श्रद्धालु घंटों धूप और गर्मी में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
गर्मी से हाल बेहाल: संकरी गलियों में 'राधे-राधे' के जयकारों के बीच भीषण उमस और गर्मी से बच्चों व महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुरक्षाकर्मियों के छूटे पसीने: भीड़ को नियंत्रित करने में जगह-जगह तैनात पुलिसकर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर के अंदर निजी सुरक्षा गार्ड्स भीड़ को लगातार निकास द्वार की तरफ बढ़ाते रहे, लेकिन दबाव इतना था कि दर्शनों के लिए भारी धक्का-मुक्की चलती रही। यही स्थिति शाम को दोबारा मंदिर के पट खुलने पर भी देखी गई।



