वृंदावन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।
मंकी सफारी तो नहीं बना, लेकिन सांसद हेमा मालिनी का आलीशान बंगला जरूर बन गया: अजय राय
- मथुरा-वृंदावन की समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी कांग्रेस
- चरमराई यातायात व्यवस्था और यमुना प्रदूषण पर जताई गहरी चिंता
वृंदावन। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि भाजपा सरकार में जनहित के मुद्दे हाशिए पर चले गए हैं और आस्था का पूरी तरह से व्यवसायीकरण कर दिया गया है।
'बांकेबिहारी कॉरिडोर' आस्था का व्यवसायीकरण, विरोध जारी रहेगा
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर ब्रज की सांस्कृतिक धरोहर को नष्ट कर आस्था के व्यवसायीकरण का एक जरिया मात्र है। "जिस तरह बनारस में कॉरिडोर बनाकर वहां की आत्मा को नष्ट किया गया, वैसा ही प्रयास ब्रज में भी हो रहा है। कांग्रेस पार्टी बांकेबिहारी कॉरिडोर का विरोध जारी रखेगी क्योंकि इससे ब्रज की मूल संस्कृति का पराभव (पतन) होगा।" उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राम के नाम पर चंदा चोरी की जा रही है, जिसकी जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज से कराई जानी चाहिए।
सांसद हेमा मालिनी और स्थानीय मुद्दों पर घेरा
वृंदावन की मूलभूत समस्याओं पर तंज कसते हुए अजय राय ने स्थानीय भाजपा सांसद हेमा मालिनी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मंकी सफारी का वादा अधूरारह गया। ब्रजवासियों के लिए बंदरों का उत्पात बड़ी समस्या है। सांसद ने मंकी सफारी बनाने का वादा किया था, जो आज तक अधूरा है। लेकिन इस बीच उनका आलीशान बंगला जरूर बनकर तैयार हो गया। जाम से बेहाल जनता: मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बनारस की तरह यहां भी स्थानीय लोग और देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु रोज घंटों जाम में फंसने को मजबूर हैं।
यमुना-गंगा की बदहाली: सरकार की संवेदनहीनता के कारण आस्था की जीवनधारा यमुना और गंगा मैली हो रही हैं। बनारस में आज भी 18 नाले सीधे गंगा में गिर रहे हैं।
2027 के बदलाव के लिए तैयार रहें कार्यकर्ता
अजय राय ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता की समस्याओं के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने नीट (NEET) पेपर लीक और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऊर्जा निगम और ऊर्जा मंत्री के बीच का तालमेल अभाव यह साबित करता है कि सरकार जनता के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्ष 2027 में सूबे में परिवर्तन की लहर के लिए अभी से कमर कस लें। बैठक के बाद अजय राय ने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर, महानगर अध्यक्ष यतेंद्र मुकदम, सोहन सिंह सिसोदिया, दीपक पाराशर, चंद्रमोहन जायसवाल, श्वेता गोस्वामी, नूतन बिहारी पारीक, बृजेश शर्मा, वीरेंद्र सिसोदिया, शशिकांत सारस्वत, स्वामी अवधेश शर्मा और अनुज गोविंद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



