वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में सर्वेक्षण करती IIT रुड़की व ASI की टीम।
श्री बांकेबिहारी मंदिर में IIT रुड़की व ASI का सर्वेक्षण जारी,रात शयन आरती के बाद फिर शुरू हुआ सर्वे
- शाम साढे़ चार बजे भीड़ के कारण रोका गया सर्वे कार्य
- रात शयन आरती के बाद फिर शुरू हुआ सर्वे
- सर्वे रिपोर्ट के आधार पर होंगे मंदिर में सुधार कार्य
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर में हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के निर्देश पर मंगलवार को IIT रुड़की एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI), आगरा मंडल की संयुक्त टीम द्वारा मंदिर परिसर का विस्तृत सर्वेक्षण और तकनीकी परीक्षण किया गया। यह सर्वेक्षण सुबह से प्रारंभ होकर शाम लगभग 4:30 बजे तक चला, लेकिन श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के चलते इसे रोकना पड़ा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, सर्वेक्षण कार्य को रात्रि 8:30 बजे, संध्या आरती के पश्चात पुनः प्रारंभ किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। टीम द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि दिन और रात दोनों समय लगकर सर्वेक्षण कार्य को जल्द पूर्ण किया जाए।
IIT रुड़की और ASI की टीम मंदिर की संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा, धरोहर संरक्षण और भीड़ प्रबंधन से जुड़े हर पहलू का बारीकी से परीक्षण कर रही है। सर्वेक्षण पूर्ण होने के बाद जो तकनीकी रिपोर्ट तैयार होगी, उसी के आधार पर मंदिर परिसर में आगे किसी भी प्रकार का कार्य किया जाएगा।
श्री बांकेबिहारी मंदिर में हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य एवं मंदिर के सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि रेलिंग लगाने, किसी भी प्रकार की मरम्मत, पत्थरों की सफाई या अन्य कोई भी परिवर्तन बिना रिपोर्ट एवं सुझाव के नहीं किया जाएगा। सभी कार्य विशेषज्ञों की संस्तुति के अनुसार ही होंगे, ताकि मंदिर की प्राचीन विरासत और धार्मिक गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे। हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी का उद्देश्य ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज की कृपा से धीरे-धीरे सुव्यवस्थित व्यवस्था लागू करना, भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाना और श्रद्धालुओं को सुचारु व सुरक्षित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।



