बांकेबिहारी कॉरिडोर के विरोध में मंदिर के मुख्य द्वारा प्रदर्शन, सांसद विरोधी लगे नारे

  • Wednesday May 07 2025 - 12:06 AM
  •  

वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर बनाये जाने के विरोध में एक बार फिर ब्रजवासियों के स्वर मुखर हो गये। स्थानीय लोगों ने बांकेबिहारी मंदिर के मुख्य द्वार के सामने कॉरिडोर के विरोध में प्रदर्शन किया। ब्रजवासियों का गुस्सा सांसद और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र पर फूटा, उन्होंने मुर्दाबाद के नारे लगाये।

सोमवार दोपहर को बांकेबिहारी मंदिर के गेट एक पर दर्जनों स्थानीय लोग एकत्र हुये। लोगों ने बिहारीजी गलियारे बनाये जाने के विरोध में प्रदर्शन कर सांसद हेमा मालिनी एवं उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र विरोधी नारे लगाये और रोष व्यक्त किया। 

प्रदर्शन के दौरान दीपक पाराशर एवं राजेश पाठक ने कहा कि वृंदावन की पहचान यहां की सैकड़ों की वर्ष पुरानी कुंजगलियों से हैं, इसलिए कुंजगलियों और ब्रजवासियों के न उजाड़ा जाय। जब हम बिना कॉरिडोर बनाये व्यवस्था को सुचारू रूप से चला सकते हैं। बांकेबिहारी मंदिर के पास एक हजार गज जमीन पड़ी है, उसको मंदिर में मिलाकर इसे विस्तार किया जा सकता है तो जनता के धन को बंदरबांट करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सांसद बिहारीजी कॉरिडोर बनाने की बात कह रही है, जिसकी आवश्यकता नहीं है, जबकि सबसे ज्यादा कॉरिडोर बनाने की आवश्यकता रराधारमण मंदिर को है। जहां छोटा सा प्रांगण और लगातार दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ रही हैं। उन्होंने सांसद और ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को गुमराह करने का आरोप लगाया है। 

उन्होंने कहा कि जितनी भीड़ बांकेबिहारी मंदिर में आ रही है, उतनी ही भीड़ श्रीराधारमण मंदिर और श्रीराधावल्लभ मंदिर में जा रही है। सरकार वहां कॉरिडोर क्यों नहीं बना रही है। पुरूषोत्तम शर्मा एवं राजेश पाठक ने कहा कि नगर में वर्षों पुरानी सीवर, सफाई और खस्ताहाल सड़क, जलभराव की समस्या बनी हुई है। इन मूलभूत समस्याओं की सांसद एवं प्रशासन अनदेखी कर रहा है, लेकिन जिस बिहारीजी गलियारे की आवश्यकता नहीं है, उसे बनवाने में लगा है। जनता के साथ न्याय नहीं है। गलियारे का ब्रजवासी विरोध करते हैं।

विरोध प्रदर्शन करने वालों में आशीष गोस्वामी, सुमित मिश्र, सोहनलाल मिश्र, राजेश शर्मा, पिंकू गौतम, रूक्मिणि रमण गोस्वामी, नीरज गोस्वामी, राजू शर्मा, सुरेश शर्मा, गोविंद द्विवेदी, प्रमोद सारस्वत, सुदेश शर्मा, धीरज, विकास, आदि मौजूद रहे।