वृन्दावन के 5 प्रमुख मन्दिर, जानें पट खुलने और बंद होने का समय

  • Sunday May 28 2023 - 11:35 PM
  •  

भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि वृन्दावन में करीब 5500 मन्दिर हैं। यहां अधिकांश मन्दिर रियासतकालीन और पुराने हैं। इन मन्दिरों में विराजमान भगवान के दर्शनों के लिए देश-विदेश से लाखों लोग प्रतिदिन आ रहे हैं। तो आइए जानते हैं मन्दिरों की नगरी वृन्दावन के प्रमुख 5 मन्दिरों और उनके दर्शनों के समय के बारे में कि मन्दिरों के पट कब खुलते हैं और कब बंद होते हैं। 

ठाकुर बांकेबिहारी 

वृन्दावन के मध्य में सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मन्दिर स्थित हैं। जहां भगवान श्रीकृष्ण विराजमान हैं। उनके साथ राधारानी की सेवा मन्दिर में सेवायत गोस्वामियों द्वारा नित्य की जाती है। करीब डेढ़ सौ साल से अधिक पुराने इस मन्दिर में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन करने के लिए आते हैंं। ठाकुर बांकेबिहारी का प्राकट्य स्वामी हरिदासजी ने अपनी संगीत साधना से निधिवन में किया था। इस सुप्रसिद्ध मन्दिर में मंगला आरती वर्ष में एक सिर्फ एक बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात को होती है। यहां तिथि के अनुसार ठाकुरजी की सेवा की जाती है। जैसे कि भगवान के चरण दर्शन अक्षय तृतीया के दिन होते हैं, कार्तिक पूर्णिमा को ठाकुर बांकेबिहारी मुरली धारण करते हैं।

मन्दिर खुलने का समय -  गर्मियों के दिनों में होली के बाद दौज तिथि से मन्दिर के पट सुबह 7.55 पर खुल जाते हैं जो दोपहर 12 बजे बंद हो जाते हैं। शाम को 5.30 बजे पट खुलते जो कि रात्रि 9.30 पर बंद होते हैं। सर्दियों में दीपावली के बाद दौज तिथि से मन्दिर के पट सुबह 8.55 बजे खुलते हैं, इसके बाद दोपहर एक बजे बंद हो जाते हैं जबकि शाम के समय 4.30 बजे खुलते है और रात 8.30 पर बंद हो जाते हैं। 

ठाकुर राधावल्लभ 

श्रीराधावल्लभ मन्दिर बांकेबिहारी मन्दिर के समीप है। यहां श्रद्धालुओं को युगल सरकार यानि राधाकृष्ण के दर्शन होते हैं। हवेलीनुमा राजस्थान शैली में बने मंन्दिर में विराजमान ठाकुर राधावल्लभ की गोस्वामियों द्वारा आराध्य की पांच बार आरती और सात बार भोग लगाने की परंपरा है। इस मन्दिर में राधा उपासना की प्रधानता है। जब श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण हो जाती है या फिर किसी प्रकार की खुशी होती है तो श्रद्धालु ठाकुरजी का व्याहुला कराते हैं। जिसमें ठाकुर राधावल्लभ का गोस्वामियों द्वारा दूल्हे जैसा श्रृंगार किया जाता है। बैंडबाजे बजते है। बारात भी निकाली जाती है। विवाह संस्कार की सभी परंपराओं का निर्वाह किया जाता है।

मन्दिर खुलने का समय- गर्मियों के दिनों में ठाकुरजी की मंगला आरती और दर्शन सुबह 5.30 बजे होते हैं। इसके बाद मन्दिर के पट सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक  और शाम के समय 5.30 से रात्रि 9 बजे तक खुलते हैं। जबकि सर्दियो में मंगला दर्शन सुबह 6 बजे होते हैं। प्रातः 8 से दोपहर 1 बजे तक पट खुलते हैं। शाम को 6 से 8.30 बजे पट खुलने का समय है।

कात्यायनी पीठ

वृन्दावन के रोडवेज बस स्टेशन के समीप राधाबाग में सुप्रसिद्ध कात्यायनी देवी मन्दिर है। बताया जाता है कि कात्यायनी पीठ देश के उन अज्ञात 108 और ज्ञात 51 पीठों में से एक है। इस प्राचीन देवी मन्दिर के महत्व के बारे में बताया जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण की इस क्रीड़ा भूमि वृन्दावन में भगवती के केश गिरे थे। इस मन्दिर में देवी कात्यायनी के साथ पंचानन शिव, भगवान विष्णु, सूर्य और भगवान गणेश विराजमान है। 

मन्दिर खुलने का समय- गर्मियों में मन्दिर सुबह 7 बजे खुल जाता है। मन्दिर खुलते ही श्रृंगार आरती हेाती है। इसके बाद भोग आरती 11 बजे होती है। राजभोग आरती 11.30 बजे की जाती है। इसके बाद मन्दिर के पट शाम 5 बजे खुल जाते हैं। संध्या पूजन शाम 7 बजे, संध्या आरती 7.30 बजे, शयन आरती 8.15 बजे की जाती है। 

रंग मन्दिर

वृन्दावन में विशाल दक्षिण भारतीय शैली का श्री रंग मन्दिर है। रोडवेज बस स्टेशन के कुछ ही दूरी पर स्थित इस मन्दिर में दक्षिण भारतीय पंडित भगवान गोदारंगन्नार की पूजा अर्चना दक्षिण भारतीय शैली में ही करते हैं। मन्दिर कई विशेषताओं के लिए जाना जाता है। रंग मन्दिर की पांच परिक्रमा मुख्य है। मन्दिर में प्रवेष करते ही दक्षिण भारतीय धर्म संस्कृति अनूठा दर्षन होता है। जो कि चित्तार्षक है। मन्दिर के अन्दर परिक्रमा में कई मन्दिर हैं,मन्दिर के प्रवेष द्वार से पहले विशाल रथ घर है। जिसमें 50 फुट ऊंचा रथ है। इस रथ पर विराजमान होकर वर्ष में एक बार भगवान गोदारंगमन्नार नगर भ्रमण करते हैं। मन्दिर कलात्मक दृष्टि से बहुत ही दर्शनीय है। मन्दिर के अन्दर विशाल सोने का गरूड़ स्तम्भ है। विशाल मन्दिर परिसर में एक तालाब है जिसमें वर्ष में एक बार कर्क संक्रांति की शुक्ल पक्ष पूर्णिमा को श्री गजेन्द्र मोक्ष लीला होती है। 

मन्दिर खुलने का समय -श्री रंग मन्दिर गर्मियों में सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक और शाम के समय 4.30 से 7.30 बजे तक खोले जाते हैं।

गोपेश्वर महादेव 

भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि में न सिर्फ राधाकृष्ण के मन्दिर हैं। बल्कि अन्य देवी देवताओं के भी प्राचीन मन्दिर स्थापित हैं। उनमें से गोपेश्वर महादेव मन्दिर भी एक है। कहने को यह भगवान शिव का प्राचीन और सुप्रसिद्ध मन्दिर है। इस शिव मन्दिर का श्री राधाकृष्ण की लीला से गहरा संबंध है। यह मन्दिर यमुना तट के समीप है। बताया जाता है कि यहां यमुुना किनारे जब श्रीकृष्ण ने राधारानी और गोपियों के साथ महारास किया था तो उसमें किसी अन्य का प्रवेश भी वर्जित था। ब्रज में यमुना तट पर भगवान का महारास देखने की महादेव की इच्छा हुई लेकिन महारास में किसी देवी-देवता या जीव का प्रवेश नहीं था। ऐसे महादेव ने गोपी रूप धारण कर महारास में आराध्य के दर्शन के लिए शामिल हो गए। महादेव ने पहली बार गोपी रूप धारण किया। इस लिए भगवान शिव यहां गोपी रूप में ही पूजे जाते हैं। तभी भक्तजन अपने आराध्य शिव को गोपेश्वर रूप में पूजते हैं आ रहे हैं। बताया जाता है कि यह शिव लिंग करीब 4750 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण के प्रपौत्र श्री बज्रनाभ द्वारा स्थापित किया था। उस दौरान उनके द्वारा ब्रज मंडल में चार षिव लिंगों की स्थापना की गई थी। 

मन्दिर खुलने का समय - भगवान गोपेश्वर महादेव मन्दिर के पट खुलने का समय इस प्रकार है। गर्मियों में मन्दिर के पट सुबह 5 से दोपहर 12 बजे तक और षाम को 4.30 से रात्रि 9.30 बजे तक। जबकि सर्दी के दिनो में प्रातः 5.30 से दोपहर 12 बजे तक और षाम को 4.30 से रात्रि 9.00 बजे तक खुले रहते हैं।