रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार बस ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, मौत
गुस्साए ग्रामीणों ने मथुरा मार्ग पर शव रखकर लगाया चक्काजाम, पुलिस ने खदेड़ा
वृन्दावन। वात्सल्य ग्राम के समीप सुबह रोंग साइड से आरही बस ने स्कूटी सवार को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। रोज की तरह सब्जी बेचने निकले 42 वर्षीय किशन निषाद की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से गुस्साये लोगो ने मथुरा मार्ग को दो घंटे चक्का जाम कर दिया। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए जाम को खुवाया। और बस चालमक को जमकर धुना। पुलिस ने बस चालक को भीड से बचाया और घायलावस्था में अस्पताल भेजा।
काम पर निकलते ही टूटा दुखों का पहाड़
अक्रूर गांव निवासी किशन निषाद (42) प्रतिदिन की तरह आज सुबह भी अपनी सब्जी की दुकान लगाने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वह वात्सल्य ग्राम के सामने पहुंचे, सामने से रॉन्ग साइड में आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। रॉन्ग साइड से वाहन चलाने और आए दिन होने वाले हादसों से आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर हंगामा कर रहे ग्रामीणों को मौके से खदेड़ना पड़ा और यातायात बहाल कराया गया।
बस जब्त, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित बस को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बरेली के थाना किलो निवासी बस चालक लालू शर्मा से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
दुर्घटना में शामिल बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है। परिजनों की तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यातायात व्यवस्था सुचारू कर दी गई है।
संदीप सिंह- पुलिस क्षेत्राधिकारी वृन्दावन



