वृंदावन में स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव: 18-19 सितंबर को देश के ख्यातिलब्ध कलाकार बिखेरेंगे सुरों का जादू

  • Monday September 14 2026 - 01:05 AM
  •  

  • सांसद हेमा मालिनी बोलीं- ‘स्वामी जी की स्वर साधना ब्रज का गौरव’
  • रमणरेती स्थित वन महाराज कॉलेज में आयोजित होगा दो दिवसीय भव्य संगीत एवं नृत्य महोत्सव

  • कथक, संतूर-सितार वादन, शास्त्रीय व सूफी गायन के साथ कवियों की प्रस्तुतियां बनेंगी मुख्य आकर्षण

वृंदावन। भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान संवाहक संत स्वामी हरिदास जी को समर्पित दो दिवसीय ‘स्वामी हरिदास संगीत एवं नृत्य महोत्सव’ 18 और 19 सितंबर को श्री राधाष्टमी व स्वामी हरिदास जी के आविर्भाव दिवस के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास समिति द्वारा रमणरेती स्थित वन महाराज कॉलेज में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में देश के नामचीन कलाकार अपनी साधना का जादू बिखेरेंगे। इस भव्य आयोजन में राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक जगत से जुड़ी कई हस्तियां शामिल होंगी।

रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि स्वामी हरिदास जी महाराज हमारी पवित्र ब्रजभूमि की एक ऐसी महान विभूति हैं, जिन्होंने अपनी स्वर साधना से संपूर्ण विश्व को भारतीय संगीत का ज्ञान कराया। साथ ही ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज की अलौकिक छवि प्रदान की, जो पूरे विश्व के कृष्ण भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करती है। मुगल सम्राट अकबर को अपने सुरों से नतमस्तक करने वाले स्वामी हरिदास जी को समर्पित यह महोत्सव संस्कृति और संगीत प्रेमियों के लिए एक अद्भुत उपहार है। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस मंच से संगीत जगत के बड़े-बड़े दिग्गजों का जुड़ना ब्रज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।

पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने कहा कि विगत ढाई दशक से इस महोत्सव में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते आ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद व ख्यातिप्राप्त नृत्यांगना हेमा मालिनी अगले वर्ष स्वयं इस मंच से स्वामी हरिदास जी को अपनी भावांजलि अर्पित करेंगी।

समिति के सचिव गोपी गोस्वामी ने बताया कि सांसद हेमा मालिनी के अथक प्रयासों से ही ब्रज-वृंदावन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 'स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह' का उपहार प्राप्त हुआ है।

ई-प्रवेश पत्र डाउनलोड कर कार्यक्रम का उठाएं लुत्फ

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश चतुर्वेदी, संयोजक अनूप शर्मा और समन्वयक अभय वशिष्ठ ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव में प्रवेश के लिए आमंत्रण पत्र और ई-पास जारी कर दिए गए हैं। इन्हें समिति की आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है। उन्होंने सभी संगीत प्रेमियों से इस कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की है।


दो दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का विस्तृत कार्यक्रम:

  • 18 सितंबर (प्रथम दिवस):

    • कथक नृत्य: प्रसिद्ध कथक नर्तक पंडित विशाल कृष्ण एवं उनकी टीम द्वारा मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।

    • संतूर व सितार वादन: मध्य प्रदेश की प्रतिभाशाली बहनों संस्कृति एवं प्रकृति द्वारा संतूर व सितार की सुमधुर जुगलबंदी प्रस्तुत होगी।

    • शास्त्रीय गायन: सुश्री मानली बोस शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगी, जिसमें तबले पर श्री राम कुमार और हारमोनियम पर धर्मनाथ मिश्रा उनका साथ निभाएंगे।

  • 19 सितंबर (द्वितीय दिवस):

    • सूफी गायन: मुंबई की प्रसिद्ध सूफी गायिका सुश्री प्रियानी वाणी पंडित अपनी टीम के साथ सूफी गायन और गीतों की शानदार प्रस्तुति देंगी।

    • काव्य संध्या: देश के सुप्रसिद्ध कवि एवं कलाकार श्रोताओं को अपनी रचनाओं से मंत्रमुग्ध करेंगे। इनमें पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, शशिकांत यादव, शंभू शिखर, स्वयं श्रीवास्तव और मुमताज नसीम प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।