स्वामी हरिदास के 546वें आविर्भाव महोत्सव में सात दिन होंगे भक्ति और संगीत के नाम: होंगे संगीत समारोह, भजन संध्या, महाअभिषेक
- 13 से 19 सितंबर तक निकलेगी शोभायात्रा
-
महोत्सव की शुरुआत महाअभिषेक और भव्य शोभायात्रा से होगी
-
ध्रुपद-धमार संगीत समारोह, पुष्पचयन, यमुना आरती और विभूतियों का सम्मान रहेगा खास
वृंदावन। रसिक संत एवं महान संगीत साधक स्वामी हरिदास जी का 546वां आविर्भाव महोत्सव वृंदावन में 13 से 19 सितंबर तक धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और संगीत से जुड़े विभिन्न भव्य कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ महाअभिषेक के साथ होगा, जिसके बाद विशाल व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सोमवार को अटल्ला चुंगी स्थित बसेरा होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान महोत्सव की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी दी गई। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि इस महोत्सव का आयोजन श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ एवं श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रीराधाप्रसाद धाम, वृंदावन में किया जाएगा।
सात दिवसीय महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम:
-
13 सितंबर (शुभारंभ): आचार्य बद्रीश ने बताया कि 13 सितंबर को सुबह 8 बजे स्वामी हरिदास जी महाराज का महाअभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे ललितकुंज से श्रीराधाप्रसाद धाम तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम को संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा।
-
14 सितंबर: इस दिन प्रसिद्ध ध्रुपद-धमार संगीत समारोह का आयोजन होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए मूर्धन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
-
15 सितंबर: सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें मुख्य रूप से ब्रजवासी बालक-बालिकाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां और भजन संध्या शामिल रहेगी।
-
16 सितंबर: स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने बताया कि 16 सितंबर को 546 कमल पुष्पों से प्रभु का विशेष पुष्पचयन किया जाएगा और यमुना महारानी की भव्य आरती उतारी जाएगी। इसके साथ ही पूज्य संत-महात्माओं के सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रम व भजन संध्या होगी।
-
17 सितंबर: समाजसेवियों, धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोगों, कलाकारों, साहित्यकारों और पत्रकारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
-
18 सितंबर: ध्यान मूर्ति फाउंडेशन के हरिओम शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को सुबह 10 बजे से विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-
19 सितंबर (समापन): 19 सितंबर को विशेष धार्मिक आयोजनों, महाअभिषेक और विशाल भंडारे के साथ इस सात दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
पत्रकार वार्ता में विकास अग्रवाल, आचार्य अनमोल कृष्ण शास्त्री, प्रदीप अग्रवाल, मनोज, पुरुषोत्तम, आचार्य ध्रुव, बृजमोहन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



