बृज में नृसिंह लीला, उनके दस स्वरूप, और जानिए भक्तवत्सल भगवान नृसिंह के नाम
वृन्दावन। नर और सिंह का संयुक्त अवतार ही भगवान नारायण का नृसिंह अवतार 24 अवतारों में से एक है। किसी प्रहलाद की करुण पुकार पर जब शेषशायी अपने भक्त के वचनों को सत्य करने और भक्ति की पराकाष्ठा प्रमाणित करने किसी खंभे से प्रकट हो जाएं तो वहीं नृसिंह रुप है। सौम्य सात्विक देव विष्णु का यह स्वरुप विकराल एवं उग्र है। भगवान का धड़ तो नर है किंतु उनका मुख और और हाथों के पंजे सिंह के हैं। कंधे पर यज्ञोपवीत धारण किए हैं। यह भक्तों के समस्त भयों का भ्ंजन करने वाले भक्तवत्सल दयालु देव हैं। भगवान का यह रुप रामानुज से लेकर गौड़ीय आदि वैष्णव संप्रदायों में समान रुप से वंदनीय है।
भगवान नृसिंह की पौराणिक कथा
सनकादिक ऋषियों के श्राप से भगवान के बैकुण्ठ लोक के पार्षद जय और विजय ने ऋषि कश्यप और माता दिति के गर्भ से हिरण्यकश्यपु और हिरण्याक्ष नामक दो दैत्यों के रुप में जन्म लिया। ब्रह्मा के वरदान से मतवाले होकर इन्होंने सृष्टि में अनाचार और अत्याचार की पराकाष्ठा कर दी। मदोन्मत्त हिरण्याक्ष तो पृथ्वी को लेकर रसातल में चला गया। तब सृष्टि का संतुलन बिगड़ने से देवताओं ने भगवान विष्णु से प्रार्थना की।
उन्होंने वराह रुप लेकर हिरण्याक्ष का वध कर पृथ्वी को मुक्ति दिलाई। वहीं अपने भाई की मृत्यु का प्रतिशोध लेने के लिए हिरण्यकश्यपु ने घोर तप करके ब्रह्मा जी को प्रसन्न कर तीनों लोकों, तीनों कालों, सृष्टि के किसी भी अस्त्र-शस्त्र और सृष्टि के किसी जीवधारी से न मरने का वरदान ले लिया। इधर उसका पुत्र प्रहलाद् महान विष्णु भक्त था। भक्तों को रोकने पर भी जब वह विष्णु भक्ति से विमुख न कर सका तो उसने उसे प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। जब अपने प्रयासों से प्रहलाद का वह कुछ न बिगाड़ सका तो उसने मारने के लिए गदा उठाकर प्रहलाद के खंभे में भगवान की सर्वव्यापकता पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि यदि तेरा भगवान है तो आज इस खंभे में से प्रकट होकर तुझे बचा लेगा। भक्त के रक्षार्थ भगवान नृसिंह न तो ब्रह्माजी की सृष्टि के जीव थे और हिरण्यकश्यपु को उन्होंने महल की दहलीज पर संध्या के समय अपने नखों से उसका उदर चीरकर मार दिया।
नृसिंह देव के नाम
भगवान नृसिंह के अनंत नाम हैं, किंतु नरहरि, उग्र महाविष्णु, हिरण्यकश्यपु अरि और नरसिंह हैं। ये भक्तों के कष्टों और भयों को निर्मूल करने वाले देवों के देव हैं।
भवगान नृसिंह विग्रह के दस स्वरूप
उग्र नृसिंह, क्रोध नृसिंह, मलोल नृसिंह, ज्वल नृसिंह, वराह नृसिंह, भार्गव नृसिंह, करन्ज नृसिंह, योग नृसिंह, लक्ष्मी नृसिंह, छत्रावतार/पावन/पमुलेत्रि नृसिंह।
बृज में नृसिंह लीला
बृज में नृसिंह वंदनीय देव हैं। मथुरापुरी के मध्य में मानिक चौक में इनका अति प्राचीन मंदिर है। यहां इस पावन नगरी में भगवान नृसिंह और वराह की घाटी है। इसके अतिरिक्त वृंदावन के राधावल्लभ मंदिर के मुख्य द्वार पर, छीपी गली, गोपीनाथ बाग, और केशीघाट समेत लगभग 10 स्थानों पर भगवान नृसिंह के प्राचीन मंदिर हैं। वैशाख शुक्ल पक्ष की चौदस तिथि को बृज में जगह-जगह नृसिंह और वराह का मुखौटा धारण कर लीला का आयोजन होते हैं। जिसमें इतनी प्रचण्ड गर्मी में रुई के वस्त्र और भारी भरकम मुखौटा धारण करना केवल नृसिंह देव की कृपा से ही संभव है। उनमें श्रद्धा रखने वाले साधक ही इन मुखौटों को धारण कर हिरण्यकश्यपु के संहार के बाद भक्त प्रहलाद को आह्लाद प्रदान करने के भाव से नगर में नंगे पैर केवल जलाहार पर निर्वहन कर नृत्य करते हैं। युवा इनके चहुंओर विजय घंटों का नाद करते हैं। इस भावपूर्ण लीला का उत्साह देखते ही बनता है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में वैष्णव इस दिन व्रत रखते हैं और मंदिरों में नृसिंह भगवान का पंचामृत अभिषेक किया जाता है तथा भगवान को प्रसन्न करने के लिए विभिन्न स्तुतियों और लीलाओं का गायन करते हैं।



