त्रियुगीनारायण मन्दिरः जहां हुआ था भगवान शिव-पार्वती का विवाह, जानिए पौराणिक महत्व

  • Saturday May 06 2023 - 09:32 PM
  •  

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड को देवभूमि यूं ही नहीं कहा जाता। यहां पग पग पर मन मोहने वाले दृश्य और सदियों पुराने मन्दिर हैं, जिनका धार्मिक ग्रंथों में भी जिक्र मिलता है। आज भी ये मन्दिर तमाम आपदाओं के बाद सीना ताने खड़े देखने को मिल जाते हैं।

उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन तो है ही साथ ही अपनी संस्कृति को नजदीक से देखने और जानने का भी मौका मिलता है। यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ तो चार धाम में गिने जाते हैं मगर इनके अलावा भी कई ऐसे मन्दिर हैं जिनकी काफी मान्यता है और जहां दर्शन पूजन करने से मनुष्य जीवन धन्य हो जाता है।

ऐसा ही एक मन्दिर है त्रियुगी नारायण मन्दिर। यह मन्दिर केदारनाथ क्षेत्र में ही स्थित है। जगद्गुरु आद्य शंकराचार्य ने इस मन्दिर की आधारशिला रखी थी। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित त्रियुगी नारायण मन्दिर के बारे में मान्यता है कि सतयुग में भगवान शिव और पार्वती का विवाह यहीं हुआ था।

कई युगों से निरंतर प्रज्वलित हो रही है धूनी 

यह मन्दिर भगवान विष्णु का था और वो यहां वामन अवतार में मौजूद हैं, जिनको साक्षी मानकर भगवान शिव और माता पार्वती ने यहां विवाह किया था। मन्दिर प्रांगण में यहां एक धूनी जलती दिखती है जिसके बारे में मन्दिर में मौजूद पंडितों का कहना है कि ये धूनी वो अग्नि है जिसके इर्द गिर्द भगवान शिव और माता पार्वती ने फेरे लिए थे। यह अग्नि तीन युगों (सतयुग, त्रेता, द्वापर) से यूं ही निरंतर जल रही है. इसीलिए इस मन्दिर का नाम त्रियुगी नारायण रखा गया है।

डेस्टिनेशन वेडिंग प्लेस

उत्तराखंड सरकार के पर्यटन विभाग ने इसे डेस्टिनेशन वेडिंग प्लेस के तौर पर अपनी साइट पर प्राथमिकता के साथ रखा है। मन्दिर में स्थित धर्मशिला पर बिठाकर ही शादियां करवाई जाती हैं। मान्यता है कि उसी शिला पर बैठकर माता पार्वती और भगवान शिव के विवाह के रस्मों रिवाज हुए हैं। कोरोना काल से पहले कई टीवी सितारों ने यहां आकर विवाह किया था।

यहां हुआ था देवी सती का पुनर्जन्म

यह मन्दिर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है. सोनप्रयाग से 10 किमी की दूरी पर यह मन्दिर स्थित है। इसकी बनावट बिल्कुल केदारनाथ मन्दिर जैसी ही है। हिंदू पौराणिक ग्रंथों के अनुसार पर्वतराज हिमावत के यहां पार्वती के रूप में सती का पुनर्जन्म हुआ था।

माता पार्वती ने केदार पर्वत में स्थित पार्वती गुफा में भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। भगवान शिव ने उनकी तपस्या से खुश होकर उन्हें दर्शन दिए और हिमालय के मंदाकिनी क्षेत्र के भगवान विष्णु के इसी मन्दिर में उनका विवाह हुआ। भगवान विष्णु ने माता पार्वती के भाई के रूप में सभी रीति रिवाज निभाए थे जबकि ब्रह्मा जी इस विवाह के पुरोहित बने थे। मन्दिर में घुसते वक्त चार जलकुंड दिखाई पड़ते हैं- रुद्र कुंड, विष्णु कुंड, ब्रह्म कुंड और सरस्वती कुंड। इन सभी में जल सरस्वती कुंड से आता है। 

मान्यता है कि सभी देवताओं ने विवाह से पहले यहां स्नान किया था। सरस्वती कुंड के जल से सिर्फ आचमन किया जाता है, बाकी कुंड के जल में स्नान करने से संतानहीनता से मुक्ति मिल जाती है।