गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को वृंदावन से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की हुंकार
- उड़िया बाबा आश्रम में शंकराचार्य की अध्यक्षता में गोभक्तों की हुई सभा
वृंदावन। उड़ियाबाबा आश्रम में बृहस्पतिवार को ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शङ्कराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की अध्यक्षता में गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने को लेकर सभा का आयोजन किया गया। इसमें संत एवं गो भक्तों ने राष्ट्रीव्यापी आंदोलन की हुंकार भरी है। गो भक्तों ने एक स्वर में कहा कि गो का अस्तित्व खतरे में है परंतु सरकारें मौन हैं।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि देश के 19 राज्यों में गो माता को लेकर शख्त कानून हैं। देश के 29 राज्यों में से 19 राज्य गो कानून के पक्ष में होने के बाद भी बहुमत को नकारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गो माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लेने की आवश्यकता है। उन्होंने घोषणा की है कि 15 जनवरी से 21 जनवरी तक दिल्ली में प्रबुद्ध नागरिकों, कानूनविदों, धर्माचार्यों के साथ कई बैठकें आयोजित करेेंगे। प्रयागराज में 6 फरवरी को गाय को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने को लेकर गो संसद का आयोजन होगा।
वहीं गोभक्तोें ने गाय की दयनीय दशा पर चर्चा कर देश में गो माता की रक्षा के लिए जनमानस के प्रयासों को सांझा किया। वक्ताओं ने गो को लेकर शास्त्र सम्मत तर्क़ भी रखें। निर्णय लिया गया कि गाय को राष्ट्र माता घोषित किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति से मिलकर इस संबंध में बात रखेंगे। मलूक पीठाधीश्वर स्वामी राजेंद्रदास महाराज ने शङ्कराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समक्ष गो माता राष्ट्रमाता संबंधी विषय पर चर्चा कर आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
सभा में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, सहजानंद ब्रह्मचारी, तीर्थानंद ब्रह्मचारी, गोपाल मणि महाराज, किशोर दबे, काली महाराज, अनिरुद्धाचार्य, गोपाल, अजय गौतम, जयपाल सनातनी, प्रकाश दास महाराज, आर के अग्रवाल, विकास पाटनी, त्रिलोकी राणा, आजाद सिंह, सतीश शर्मा, कुलदीप दुबे आदि उपस्थित रहे।



