नीरा राडिया से वृंदावन में फ्लैट के नाम पर 22 लाख की ठगी
वृंदावन। देश की पूर्व कॉरपोरेट लॉबिस्ट एवं नयति हैल्थ केअर की चेयरपर्सन नीरा राडिया के साथ फ्लैट देने के नाम पर 22 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में उन्होंने वृंदावन कोतवाली में दो लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।
दक्षिण दिल्ली के खरक रेवारा निवासी नीरा राडिया ने अपने प्रतिनिधि द्वारा कराई एफआईआर में बताया कि उन्होंने ओमैक्स इंटरनिटी के गोविंदा 2डी में अलीगढ़ की मधुवन विहार कालोनी निवासी संतोष गोयल पुत्र विधि चंद्र का एक फ़्लैट नयति अस्पताल की ओर से किराए पर ले रखा था। किराए की समझौता समय सीमा समाप्त होेने पर संतोष ने फ्लैट को 22 लाख रुपए में बेचने का प्रस्ताव नीरा राडिया सामने रखा। संतोष गोयल को बैंक चैक से रकम दे दी गई।
नीरा राडिया ने नयति हॉस्पीटल के कर्मचारी इटावा के चकर नगर पोस्ट के गांव नगला अहरोइया निवासी रविंद्र यादव पुत्र सिकंदर सिंह को अधिकार पत्र देकर फ्लैट की रजिस्ट्री नीरा राडिया के नाम कराकर उनके दिल्ली स्थित घर पहुंचाने को कहा गया। आरोप है कि संतोष गोयल और रविंद्र यादव ने षड़यंत्र कर 4 मार्च 2022 को संतोष गोयल ने रविंद्र यादव के पक्ष में फर्जी बैनामा कर दिया। नीरा राडिया ने दोनों पर आरोप लगाया कि फर्जी तरीके से एक करोड़ कीमत का फ्लैट धोखाधड़ी कर ठग लिया है।
कोतवाली प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि नीरा राडिया की ओर से उनके प्रतिनिधि दक्षिण दिल्ली निवासी जे मुरगन की तहरीर पर फ्लैट के नाम पर ठगी का मुकदमा दर्ज किया है। जांच की जा रही है।



