संसद के नये भवन का निर्माण नवंबर 2022 तक पूरा होने की संभावना : लोकसभा अध्यक्ष

  • Thursday December 23 2021 - 08:00 AM
  •  

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को बताया कि संसद के नये भवन का निर्माण नवंबर, 2022 तक पूरा हो जाने की संभावना है। बिरला ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने मंगलवार को संसद के नये भवन के निर्माण की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की थी।

उन्होंने कहा कि इस बैठक में भवन निर्माण से जुड़ी कंपनी के अलावा केंद्रीय लोक निर्माण विभाग एवं अन्य एजेंसियों ने हिस्सा लिया था और उन्होंने यह बताया कि नवंबर, 2022 तक नया भवन बन जायेगा। 

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘संसद के नये भवन का निर्माण नवंबर, 2022 तक पूरा हो सकेगा।’’उन्होंने बताया कि नये भवन में प्रेस दीर्घा भी होगी जिसमें संवाददाताओं के बैठने एवं लिखने से संबंधित व्यवस्था होगी।

परियोजना पर 971 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान

संसद के नये भवन का निर्माण सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 दिसंबर को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। भवन का निर्माण टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के तहत किया जा रहा है। इस परियोजना पर 971 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। 14 सदस्यीय धरोहर समिति ने नए संसद भवन के निर्माण को मंजूरी दे दी थी। इसके अलावा उसने सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना को भी हरी झंडी दी थी।

नए भवन का निर्माण मौजूदा भवन के सामने किया जा रहा है। पुराने संसद भवन का निर्माण 94 साल पहले लगभग 83 लाख रुपये में किया गया था। नए भवन के निर्माण के बाद पुराने भवन को संग्रहालय में तब्दील कर दिया जाएगा। नए संसद भवन में लोकसभा और राज्यसभा के कक्ष बड़े होंगे, जिसमें लोकसभा के लिये 888 जबकि राज्यसभा के लिये 384 सीटों की व्यवस्था होगी। संयुक्त सत्र बुलाने के लिये लोकसभा कक्ष में 1,272 सीटों की व्यवस्था होगी।