श्री हित केलिकुंज आश्रम में बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मिले जुबिन नौटियाल, भजन सुन संत बोले - मुस्कुराहट बांटते रहिए
- बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल ने की केलिकुंज आश्रम में एकांतिक भेंट
- श्रीबांके बिहारी समेत प्रमुख मंदिरों में किए दर्शन
वृंदावन। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल सोमवार को वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने रमणरेती क्षेत्र स्थित श्री हित केलिकुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से एकांतिक वार्तालाप के दौरान मुलाकात की। जुबिन नौटियाल ने भजन सुनाए, जिन्हें सुनकर संत प्रेमानंद महाराज भावविभोर हो गए और आशीर्वाद देते हुए कहा- “आप ऐसे ही मुस्कुराहट बांटते रहिए।”
जुबिन नौटियाल ने संत प्रेमानंद महाराज के समक्ष अपने मन की जिज्ञासाएं रखीं और आध्यात्मिक विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगा” एवं “श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी, हे नाथ नारायण वासुदेवा” भजन का भावपूर्ण गायन किया। संत प्रेमानंद महाराज भजन के दौरान लंबे समय तक एकाग्र भाव से बैठकर सुनते रहे।
भजन समाप्त होने पर संत महाराज ने मुस्कुराते हुए कहाकृ “बहुत सुंदर, बहुत सुंदर। मेरा आशीर्वाद है कि आप ऐसे ही गाते रहें और सबके चेहरों पर मुस्कान लाते रहें।” संत महाराज का आशीर्वाद पाकर जुबिन नौटियाल और उनके साथ आए परिजन अत्यंत प्रसन्न नजर आए।
संत प्रेमानंद महाराज से भेंट के बाद जुबिन नौटियाल ने वृंदावन के श्रीबांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। मंदिर के पुजारियों द्वारा उन्हें राधाकृष्ण की पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद वे श्री राधावल्लभ मंदिर और श्री राधा रमण मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 30 मिनट तक दर्शन और पूजा-अर्चना की। जुबिन नौटियाल की वृंदावन यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा गया। उनमें नौटियाल के साथ फोटो और सेल्फी लेने की होड़ सी मच गईं।



