बाबा वेंगा की भविष्यवाणी - फोटो : Adobe Stock
बाबा वेंगा की भविष्यवाणी! क्या सोने में फिर आएगी तूफानी तेजी? निवेशकों में बढ़ी हलचल
नई दिल्ली। दुनिया भर में सोने को हमेशा से एक सुरक्षित निवेश माना जाता रहा है, और भारत में तो यह परंपरा और पूंजी, दोनों का प्रतीक है। बीते एक साल में सोने की कीमतों में जिस तरह का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, उसने निवेशकों और आम लोगों दोनों का ध्यान खींचा है। इसी बीच प्रसिद्ध भविष्यवक्ता बाबा वेंगा की एक पुरानी भविष्यवाणी फिर चर्चा में है, जिसमें उन्होंने सोने और वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े बड़े बदलावों की चेतावनी दी थी।
इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता बनी रही। ट्रंप टैरिफ विवाद, तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और विश्व बाजार में भू-राजनीतिक तनावों ने सोने की कीमतों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। अप्रैल के मध्य में ट्रंप टैरिफ की घोषणा के बाद 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। इसके बाद दिवाली के आसपास सोना 1,32,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक चढ़ गया। हालांकि, दिवाली के बाद मांग में अस्थायी गिरावट और मुनाफावसूली के चलते इसमें करेक्शन देखा गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही अल्पकालिक उतार-चढ़ाव जारी रहे, लेकिन दीर्घकाल में सोना निवेश के लिहाज से मजबूत विकल्प बना हुआ है। पिछले एक साल में सोने ने सेंसेक्स से बेहतर रिटर्न दिया है, जिससे यह फिर से निवेशकों का पसंदीदा एसेट बन गया है।
बाबा वेंगा की भविष्यवाणी क्या कहती है?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रसिद्ध बल्गेरियाई भविष्यवक्ता बाबा वेंगा ने वर्षों पहले 2026 में एक बड़े वैश्विक वित्तीय संकट की भविष्यवाणी की थी। उनका कहना था कि आने वाला यह संकट दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाओं को हिला देगा। इतिहास बताता है कि जब भी आर्थिक संकट आता है, निवेशक अपना पैसा शेयर या मुद्रा बाजार से निकालकर सोने और चांदी में लगाते हैं, जिससे उनकी कीमतों में तेज़ उछाल आता है। अगर बाबा वेंगा की भविष्यवाणी सही साबित होती है, तो आने वाले वर्षों में सोने और चांदी की कीमतों में तूफानी तेजी देखने को मिल सकती है। फिलहाल, भारत में शादी के सीजन और त्योहारी मांग के कारण सोने में फिर से खरीदारी बढ़ रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि आने वाले महीनों में सोना एक बार फिर नई ऊँचाइयाँ छू सकता है — ठीक वैसे ही, जैसे बाबा वेंगा ने संकेत दिए थे।



