राजाधिराज ठाकुर द्वारकाधीश
राजाधिराज ठाकुर द्वारकाधीश ने कुंज में विराजमान होकर भक्तों के संग खेली होली
मथुरा। होली के पावन पर्व पर ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में उल्लास अपने चरम पर पहुंच गया। आज प्रातः ठाकुरजी कुंज में विराजमान हुए और भक्तों के साथ पारंपरिक ढंग से होली उत्सव का आनंद लिया। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि कुंज में ठाकुरजी के सम्मुख भक्तों पर पिचकारी से रंगों की वर्षा की गई। वातावरण भक्ति, संगीत और रंगों की छटा से सराबोर रहा।
केवल प्राकृतिक रंगों का प्रयोग
मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार के अनुसार, होली में केवल शुद्ध टेसू के फूल, अबीर, गुलाल, चोवा, चंदन और केसर का ही प्रयोग किया गया। रासायनिक रंगों का पूर्णतः निषेध रखा गया है, जिससे परंपरा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
भक्तों से विशेष अपील
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे बाहर से कोई भी रासायनिक रंग या अन्य सामग्री लेकर न आएं। मंदिर की मर्यादा को बनाए रखते हुए केवल मंदिर परिसर में उपलब्ध प्रसादी रंगों से ही होली खेलें। होली का यह आनंदोत्सव निरंतर जारी रहेगा। कल भी प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तकमंदिर में भव्य होली आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।



