PM नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन ने ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन किए, खरीदी लड्डूगोपाल की पोशाक

  • Sunday March 23 2025 - 12:24 PM
  •  

वृंदावन। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन शनिवार रात करीब 830 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वृंदावन आईं। उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के दर्शन करने के साथ ही पूजा अर्चना की। मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने उन्हें ठाकुरजी का प्रसादी पटुका, बांसुरी, फूल माला और प्रसाद किया। उनकी सुरक्षा में गुजरात पुलिस के साथ पर्यटन थाना व स्थानीय पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में दर्शन किए। 

ब्रज की धर्मयात्रा पर आई  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन के साथ परिवार के करीब 5 लोग भी साथ रहे। उन्होंने भी पूर्ण श्रद्धा के साथ आराध्य श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन और विधिवत पूजन किया। उन्होंने ठाकुर जी से देश की मंगल कामना के साथ परिवार की सुख, शांति की कामना की। दर्शन के बाद उन्होंने बांकेबिहारी मंदिर के रास्ते में दुकान से घर पर विराजमान आराध्य लड्डू गोपाल के लिए पोशाक खरीदी। 

वापस लौटते समय पर्यटन थाना प्रभारी रोहित कुमार, मुख्य आरक्षी संजीव कुमार समेत  पुलिस टीम के साथ सहर्ष फोटो खिंचवाए। पीएम मोदी की पत्नी के सरल स्वभाव का हर कोई कायल दिखाई दिया। इसके बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हो गया।

बताया जा रहा है कि वह ब्रज में दो दिन की धर्मयात्रा पर आई हैं। बांकेबिहारी के दर्शन के बाद रात को वृंदावन में ही प्रवास करने के बाद वह गोवर्धन, बरसाना भी मंदिरों के दर्शन करेंगी।