सन्त बालगोविंद दास का 11 दिवसीय निकुंजोत्सव प्रारंभ

  • Saturday January 22 2022 - 10:34 AM
  •  

वृन्दावन। श्याम वाटिका क्षेत्र स्थित अलिनागरि कुंज में रसिक सन्त निकुंजलीला प्रविष्ट बालगोविंद दास महाराज का 16 वां 11 दिवसीय पुण्यतिथि समाराधन महोत्सव विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रारम्भ हो गया है।

महोत्सव के संयोजक आचार्य पंडित रामनिवास शुक्ल व समन्वयक डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने बताया है कि समाराधन महोत्सव के अंतर्गत वैदिक विप्रों के द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण का दैनिक पारायण किया जा रहा है। साथ ही प्रवचन,भजन संध्या एवं सन्त-ब्रजवासी-वैष्णव सेवा आदि के कार्यक्रम भी हो रहे हैं। इसके अलावा 26 से 28 जनवरी तक सायं 4 से 6 बजे तक शरणागति आश्रम के सन्त बिहारीदास भक्तमाली के द्वारा श्रीमद्भक्तमाल की कथा का रसपान कराया जायेगा। 28 जनवरी को प्रातः 9 से 12 बजे तक सन्त प्रवर बालगोविंद दास महाराज की प्रतिमा का पूजन-अर्चन, माल्यार्पण,महाराजश्री द्वारा रचित पदों का संगीतमय गायन एवं सन्त-विद्वत संगोष्ठी का आयोजन होगा। रात्रि 10 बजे से प्रातः 4 बजे तक सन्तों व वैष्णवों के द्वारा "महामंत्र" का अखण्ड संकीर्तन होगा। 29 जनवरी को मध्याह्न 12 बजे से साधु-ब्राह्मण सेवा (भंडारा) होगा।